हिन्दू सेवा मंडल ने मनाया 100वां स्थापना दिवस
जोधपुर । हिन्दू सेवा मंडल जोधपुर का 100वां स्थापना दिवस बुधवार को
घंटाघर प्रांगण में विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाया गया।
मण्डल
के प्रधान महेशकुमार जाजड़ा व प्रधानमंत्री विष्णुचंद्र प्रजापत ने बताया
कि शताब्दी वर्ष में एक वर्ष तक विभिन्न सेवा कार्यो के साथ विभिन्न
कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी कड़ी में आज सुबह भगवान श्रीकृष्ण की
पूजा अर्चना कर शहनाई वादन किया गया। प्रख्यात शहनाई वादक राजेन्द्र परिहार
एण्ड पाटी द्वारा शहनाई वादन किया गया। शाम छह बजे दीपोत्सव, भजन संध्या
के साथ शिव व मां काली नृत्य मुख्य आकर्षण का केन्द्र होंगे। भजन संध्या
में गायक महेन्द्र सिंह पंवार, गीता मेवाड़ा, रामकिशोर दाधीच, जुगल परिहार,
जगदीश प्रजापत भजनों की प्रस्तुति देंगे। वहीं दीपक त्रिपुरारी एण्ड
पार्टी द्वारा भगवान शंकर एवं श्याम जोधपुरी द्वारा मां काली पर नृत्य
नाटिका प्रस्तुत की जाएगी। इस अवसर पर कार्यालय को आकर्षक रोशनी व फूलों से
सजाया गया है।
मंडल के प्रधानमंत्री विष्णुचंद्र प्रजापत
ने बताया कि हिन्दू सेवा मण्डल जोधपुर की स्थापना एक मई 1925 को हुई थी।
मण्डल के कार्यकर्ता मानव सेवा से जुड़े हर कार्य में तत्पर हैं।
कार्यकर्ताओं ने लावारिश शवों का अन्तिम संस्कार, बाबा रामदेव मेले में
नि:शुल्क भोजन, प्राथमिक उपचार, विभिन्न मेलों-उत्सवों में पुलिस प्रशासन
का सहयोग करते हुए भीड़ नियन्त्रण, बाढ़, अकाल, प्राकृतिक आपदा के समय
पीडि़तों तक राहत सामग्री पहुंचाने का कार्य किया है। मण्डल की ओर से पांच
से अधिक विदेशी सैलानियों का अन्तिम संस्कार किया गया। प्रतिवर्ष हजारों की
संख्या में लावारिश शवों की अस्थियों का गंगा में विसर्जन किया जा रहा है।
मण्डल अनादि काल से चली आ रही मारवाड का कुंभ भोगिशैल परिक्रमा यात्रा का
98 वर्षों से आयोजन व संचालन करता आ रहा है।





