होटवार जेल के अपर डिवीजन बी ब्लॉक में हेमंत सोरेन की आज कटेगी जीवन की पहली रात

रांची: हेमंत सोरेन अपने जीवन के सबसे मुश्किल वक्त से गुजर रहे हैं। एक ओर जहां उनका सीएम का पद चला गया दूसरी तरफ उन्हें अब जेल जाना पड़ा। उनकी जिंदगी में ये पहली बार हुआ कि उन्हें अपनी रात जेल में आज बितानी पड़ेगी। एक बड़े राजनीतिक घराने से ताल्लुक रखने वाले और झारखंड में गुरुजी के नाम से मशहूर शिबू सोरेन के द्वितीय पुत्र हेमंत सोरेन के लिए 1 फरवरी की रात कयामत भरी रात रही । क्योंकि ऐसा पहली बार हुआ कि उन्हें जेल में रात गुजारना पड़ा। फिलहाल, वह अभी न्यायिक हिरासत में हैं। लैंड स्कैम मामले में ईडी की विशेष अदालत में पेश कर 10 दिन की रिमांड मांगी थी। लेकिन कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया है। अब 2 फरवरी को साफ हो पाएगा कि कोर्ट कितने दिन का रिमांड देती है। कोर्ट में पेश होने से पहले बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा होटवार में जेल प्रशासन ने अपर डिविजन वार्ड की साफ-सफाई कराई । अपर डिविजन वार्ड स्थित बी ब्लॉक में हेमंत सोरेन को रखा गया है। जहां जेल मैनुअल के अनुसार सारी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई। हेमंत सोरेन को जेल में किसी प्रकार की परेशानी ना हो, इसका विशेष ध्यान रखा गया।
राजभवन में दिनभर रही गहमागहमी
रांची में चल रहे सियासी घमासान के बीच राजभवन में भी दिन भर गहमागहमी रही। सुरक्षा व्यवस्था भी बेहद कड़ी कर दी गई। पूरे दिन सबकी निगाहें राजभवन पर टिकी रहीं। खासकर इस मुद्दे को लेकर कि राजभवन से सरकार बनाने का बुलावा कब आएगा। पूरे दिन के इस सियासी सफर के बाद तय हुआ कि अब सरकार बनाने को लेकर कोई फैसला नहीं लिया जाएगा क्योंकि सलाह-मशविरे के बाद ही चीजें होंगी। इससे यह साफ हो गया कि झारखंड की राजनीति में नई सरकार बनने में अभी वक्त लगेगा। ऐसे में राजभवन की भूमिका काफी अहम है और लोगों की निगाहें भी राजभवन के फैसले पर टिकी हैं।





