जापान की राजधानी टोक्यो में भारी बर्फबारी, सड़क, रेल और हवाई परिवहन प्रभावित, बिजली गुल
टोक्यो,
06 फरवरी। जापान की राजधानी टोक्यो और आसपास का क्षेत्र बर्फ की
सफेद चादर से ढक गया है। सोमवार को पूरी रात बर्फ गिरी है। कई इलाकों में
मंगलवार सुबह भी भारी बर्फबारी हुई है। इस वजह से सड़क, रेल और हवाई परिवहन
बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित
हुई है। कुछ स्थानों पर बर्फ गिरने के साथ बरसात भी हुई है।
जापान
टाइम्स अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को टोक्यो के अलावा कांटो
क्षेत्र में भारी बर्फबारी हुई। शाम को जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने
टोक्यो के 23 वार्डों और कांटो-कोशिन क्षेत्र में भारी बर्फबारी की चेतावनी
जारी की थी। एजेंसी का पूर्वानुमान काफी हद तक सही रहा। मध्य टोक्यो में
रात 10:20 बजे के बाद तापमान 0.3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। मंगलवार सुबह
आठ बजे तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कांटो-कोशिन क्षेत्र,
टोकाई के गिफू, शिजुओका प्रांत के तोहोकू क्षेत्र के अलावा फुकुशिमा प्रांत
में पहाड़ी इलाकों में और उसके आसपास भारी बर्फबारी हुई।
रिपोर्ट
के अनुसार, एपेन एयरलाइंस और ऑल निप्पॉन एयरवेज ने मंगलवार को मुख्य रूप
से टोक्यो के हानेडा हवाई अड्डे पर कुल 31 उड़ानें रद्द कर दीं। पूर्वी
जापान रेलवे या जेआर ईस्ट ने चुओ लाइन पर कुछ एक्सप्रेस ट्रेनों को निलंबित
कर दिया है। मंगलवार सुबह कांटो क्षेत्र में कुछ ट्रेनों को रद्द कर दिया
गया। मेट्रोपॉलिटन एक्सप्रेस-वे, टोमेई एक्सप्रेस-वे, शिन-टोमेई
एक्सप्रेस-वे, चुओ एक्सप्रेस-वे, कान-एत्सु एक्सप्रेस-वे और तोहोकू
एक्सप्रेस-वे के कुछ खंडों को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है।
टोक्यो
की युरीकमोम स्वचालित पारगमन लाइन पर दो ट्रेनें सोमवार रात लगभग नौ बजे
शिम्बाशी और ताकेशिबा स्टेशनों के बीच फंस गईं। लगभग 550 यात्रियों को
दोनों स्टेशनों के बीच शिओडोम स्टेशन तक पटरियों के किनारे चलने के लिए
मजबूर होना पड़ा। टोक्यो इलेक्ट्रिक पावर कंपनी होल्डिंग्स सेवा क्षेत्र
में कुछ जगह ब्लैकआउट की सूचना है। टेपको पावर ग्रिड के अनुसार, आधी रात के
ठीक बाद टोक्यो और आसपास के पांच प्रांतों में लगभग 13,000 घर बिजली कटौती
से प्रभावित हुए। बर्फबारी की वजह से टोयोटा, होंडा और निसान सहित अन्य
वाहन निर्माताओं ने कुछ संयंत्रों का परिचालन पूरी तरह या आंशिक रूप से
निलंबित कर दिया है। पूर्वी जापान में मंगलवार सुबह 5 बजे तक गुनमा प्रांत
के माएबाशी में 11, टोक्यो के चियोडा वार्ड में नौ और सैतामा शहर में आठ
सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई। टोचिगी प्रांत के योकोहामा और उत्सुनोमिया
में चार और चिबा शहर में तीन सेंटीमीटर बारिश रिकार्ड की गई है।





