हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में भारी बारिश से तबाही, कई गाड़ियां पानी में बही

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सोमवार रात हुई मूसलधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। धर्मपुर बाजार और उसके आसपास के इलाके सबसे ज्यादा प्रभावित हुए, जहां चारों तरफ पानी ही पानी नजर आया।
बस स्टैंड में खड़ी बसें और गाड़ियां बह गईं
भारी बारिश के चलते सोन खड्ड का जलस्तर अचानक बढ़ गया। खड्ड किनारे खड़ी एचआरटीसी और निजी वाहन बाढ़ जैसे हालात में बह गए। निगम की कई बसें पानी में डूब गईं और कुछ तेज बहाव में बह गईं। लोग किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
घरों और दुकानों में घुसा पानी
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार रात 11 बजे से लगातार बारिश हो रही है। बारिश इतनी तेज है कि लोग घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। खड्ड किनारे बसे घरों और दुकानों में पानी और मलबा घुस गया है। घर के बाहर खड़े दर्जनों वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।
रेस्क्यू में जुटी पुलिस और प्रशासन
डीएसपी धर्मपुर संजीव सूद ने बताया कि रात से ही पुलिस और रेस्क्यू टीमें राहत कार्यों में जुटी हुई हैं। कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि “अभी तक किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन बहुत से वाहन बह गए हैं और एक व्यक्ति के लापता होने की जानकारी मिल रही है।”
होस्टल के 150 बच्चों को सुरक्षित शिफ्ट किया गया
बारिश और पानी भरने के कारण कई लोग अपने घरों की ऊपरी मंजिलों पर शरण लेने को मजबूर हो गए। एक होस्टल में रह रहे करीब 150 बच्चों को सुरक्षित रूप से दूसरी और तीसरी मंजिल पर शिफ्ट किया गया है।
स्थिति सामान्य होने लगी, लोगों को सतर्क रहने की अपील
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को राहत और बचाव कार्यों में लगाया है। सोन खड्ड का जलस्तर धीरे-धीरे कम हो रहा है और स्थिति सामान्य होने लगी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घरों से बाहर न निकलें और सावधानी बरतें।





