सिलेंडर ब्लास्ट होने से परिवार के आधा दर्जन लोग झुलसे -पौआखाली थाना की घटना हायर सेंटर में चल रहा इलाज
किशनगंज । पौआखाली थाना क्षेत्र में सिलेंडर ब्लास्ट होने से आधा दर्जन लोग झुलस गए है। जानकारी के अनुसार नगर पंचायत पौआखाली के ननकार बस्ती में मंगलवार रात मोहम्मद अंसारी के घर में पहले सिलेंडर लीक हुआ। इसके बाद उसमें ब्लास्ट हो गया। घटना में घर के 4 बच्चे, एक पुरुष और एक महिला बुरी तरह झुलस गए।स्थानीय लोगों ने आग को बुझाकर घायलों को स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पौआखाली में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टर नहीं होने से घायलों को किशनगंज रेफर कर दिया गया। इधर घटना की खबर मिलते पौआखाली थाना अध्यक्ष आशुतोष कुमार मिश्रा मौके पर पहुंचे और स्थल का जायजा लिया।वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर नहीं होने से परिजनों में गुस्सा देखा गया। फिलहाल प्रशासनिक कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा सभी का इलाज सदर अस्पताल में जारी है। पीड़ित परिवार के लोगों का कहना है कि केंद्र में डॉक्टर नहीं होने से बाकी दिन भी काफी परेशानी होती है। प्रशासन को इसमें ध्यान देना चाहिए।





