सात जुलाई को भगवान जाएंगे मौसी के घर,जगन्नाथपुर मंदिर में भगवान जगन्नाथ का भव्य रथ तैयार

सात जुलाई को भगवान जाएंगे मौसी के घर,जगन्नाथपुर मंदिर में भगवान जगन्नाथ का भव्य रथ तैयार
डीसी ने की बैठक कहा- बेहतर आयोजन को लेकर जिला प्रशासन तैयार
रांची: राजधानी रांची में जगन्नाथपुर मंदिर से 300 वर्षों से रथ यात्रा निकाली जा रही है। भगवान जगन्नाथ के भव्य रथ को लगभग तैयार कर लिया गया है। इसी रथ पर भगवान जगन्नाथ अपने भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ अपनी मौसी के घर जाएंगे। 7 जुलाई को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा निकाली जाएगी। भगवान जगन्नाथ के लिए इस वर्ष भी भव्य रथ को तैयार किया जा रहा है। ओडिशा से आए कारीगर दिन-रात मेहनत करके रथ को तैयार कर चुके हैं, अब सिर्फ रथ की सजावट बाकी है। इधर प्रशासकीय पदाधिकारी सह उपायुक्त रांची,राहुल कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय ब्लॉक- ए स्थित सभागार में 7 जुलाई से 17 जुलाई को होने वाले ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथ मेला के आयोजन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में जगन्नाथपुर मंदिर न्यास समिति रांची के प्रभारी अध्यक्ष, रनेंद्र कुमार, सचिव, मिथलेश कुमार, उपाध्यक्ष अशोक नारसरिया, कोषाध्यक्ष, विनोद कुमार, प्रथम सेवक, ठाकुर सुधांशु नाथ शाहदेव, सदस्य, सुहाश तेतरे उपाधीक्षक हटिया, प्रमोद कुमार मिश्रा, आवासीय दंडाधिकारी हटिया, स्मृति कुमारी एवं सम्बंधित पदाधिकारी उपस्थित थे। जगन्नाथपुर मंदिर न्यास समिति रांची के प्रतिनिधियों के साथ बेहतर मेला आयोजन को लेकर प्रस्ताव पर उपायुक्त रांची, राहुल कुमार सिन्हा द्वारा कई निर्देश दिया गया।
मेला से सम्बंधित निविदा की सूचना को लेकर डीसी ने दिए निर्देश
1. मेला के दौरान सुरक्षा हेतु सीसीटीवी लगाने को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
2. मंदिर के आस-पास लाइट की व्यवस्था को लेकर उपायुक्त रांची द्वारा सम्बंधित अधिकारी को निर्देश दिया गया।
3. रथ एवं मंदिर में दो-दो पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए।
प्रशासकीय पदाधिकारी सह उपायुक्त रांची, राहुल कुमार सिन्हा द्वारा कहा गया कि 7 जुलाई से 17 जुलाई 2024 को होने वाले ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथ मेला के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन जगन्नाथपुर मंदिर न्यास समिति रांची के साथ हमेशा खड़ा है। मेला का आयोजन भव्य तरीके से संपन्न हो इसको लेकर तमाम व्यवस्था की जाएगी।





