पूर्व केंद्रीय मंत्री गोयल ने चाँदनी चौक के दुकानदारों के बीच अक्षत (चावल), दीये वितरित किए
पूर्व केन्द्रीय मंत्री विजय गोयल ने अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर आज चाँदनी चौक में बड़े अभियान की शुरुआत की। गोयल ने लाल किले से लेकर फतहपुरी मस्जिद तक राम मंदिर की स्थापना के अवसर पर प्रत्येक व्यापारी, दुकानदार को अक्षत (चावल), 5 दीए एवं प्रभु राम का फोटो भेंट किया। दुकानदारों ने भी ‘जय श्री राम’ का नारा लगाकर इस भेंट को स्वीकार किया और कहा कि उस दिन हम ये दीये जलाकर प्रधानमंत्री मोदी के साथ राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में अपना सहयोग देंगे।
गोयल ने कहा व्यापारी एसोसिएशन ने उनको विश्वास दिलाया है कि वे पूरे बाजार को फूल- मालाओं और दीयों से सुसज्जित करेंगे और जगह- जगह राम मंदिर को लेकर बैनेर भी लगाए जाएंगे। गोयल ने बताया कि मुस्लिम साथियों ने भी बड़ी रुचि से इन दीयों को ग्रहण किया। गोयल चाँदनी चौक से दो बार सांसद रह चुके हैं और अभी ‘गांधी स्मृति एवं दर्शन समिति’ के उपाध्यक्ष भी हैं।
गोयल ने कहा अयोध्या की तरह चाँदनी चौक भी मंदिरों का शहर है, जहां हर दूसरी गली में किसी न किसी देवी-देवता का मंदिर देखने को मिल जाता है। गोयल उन लाखों कार सेवकों में से हैं, जिन्होंने 6 दिसम्बर, 1992 को अयोध्या में कार सेवा की थी। इसलिए भी राम मंदिर से उनका संबंध और भी गहरा है।गोयल सोमवार 15 जनवरी को अपने साथियों के साथ दिल्ली के कनॉट प्लेस के हनुमान मंदिर में स्वच्छता का कार्यक्रम करेंगे।





