कांग्रेस के पप्पू यादव के साथ हो गया 'खेला' लालू ने पूर्णिया से बीमा भारती को दे दिया टिकट

कांग्रेस के पप्पू यादव के साथ हो गया 'खेला'
लालू ने पूर्णिया से बीमा भारती को दे दिया टिकट
पटना ।पूर्णिया लोकसभा सीट पर सियासी घमासान मचा हुआ है। जदयू छोड़ राजद में आईं बीमा भारती को लोकसभा चुनाव टिकट मिल गया है। लालू यादव ने खुद बीमा भारती को पार्टी का सिंबल दिया है। इस सबके बीच अब पप्पू यादव को तगड़ा झटका लगा है।दरअसल, पप्पू यादव ने पिछले दिनों ही अपनी जन अधिकार पार्टी का कांग्रेस में विलय किया था। उन्होंने साफ कर दिया था कि वह महागठबंधन के प्रत्याशी के रूप में पूर्णिया लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। वे शुरुआत से ही इस सीट पर अपनी दावेदारी पेश करते आ रहे हैं।कांग्रेस पार्टी में विलय करने से एक दिन पहले उन्होंने लालू यादव से भी मुलाकात की थी। माना जा रहा था कि राजद भी उनकी उम्मीदवारी को लेकर सहमत है। हालांकि, फिर बीमा भारती ने जदयू छोड़ राजद ज्वाइन कर ली और इसके बाद से पप्पू यादव की राह और मुश्किल हो गई।बुधवार को बड़े सियासी घटनाक्रम में लालू यादव ने बीमा भारती को पूर्णिया लोकसभा सीट से उम्मीदवार घोषित कर दिया। ऐसे में इसे पप्पू यादव के लिए बड़े झटके के रूप में देखा जा रहा है। पप्पू यादव की इस पॉलिटिकल सिचुएशन में हर किसी को वो कहावत याद आ रही है- "ना घर के रहे ना घाट के"।वहीं, राजद से सिंबल मिलने के बाद बीमा भारती ने फेसबुक पर लालू के साथ तस्वीर शेयर करते हुए लिखा- "लोकसभा चुनाव 2024 के लिए मुझ पर भरोसा जताते हुए पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र से महागठबंधन के प्रत्याशी बनाए जाने के लिए राजद के माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय लालू प्रसाद यादव जी, नेता प्रतिपक्ष व युवाओं के भविष्य तेजस्वी यादव जी सहित महागठबंधन के सभी वरिष्ठ नेताओं का ह्रदय से आभार व धन्यवाद व्यक्त करती हूं"।"पूर्णियां के सभी प्रियजनों का भी आभार प्रकट करती हूं क्योंकि आपके स्नेह और आशीर्वाद की बदौलत ही महागठबंधन ने मुझे पूर्णियां से प्रत्याशी घोषित किया है। साथ ही मैं आप सभी संसदीय क्षेत्र की जनता जनार्दन को वचन देती हूं कि अगर आप सभी भाईयों और बहनों का प्यार और आशीर्वाद मिला तो पूर्णिया में निश्चित ही विकास की बयार बहेगी"।





