तमिलनाडु के इरोड से द्रमुक सांसद ए.गणेशमूर्ति का निधन
चेन्नई । तमिलनाडु के प्रमुख राजनीतिक दल द्रविड़ मुनेत्र कड़गम
(द्रमुक) के सांसद ए. गणेशमूर्ति का ह्रदयगति रुकने से निधन हो गया। 77
वर्षीय गणेशमूर्ति ने कोयंबटूर के निजी अस्पताल में सुबह 5ः05 बजे अंतिम
सांस ली। कथित तौर पर आत्महत्या का प्रयास करने के बाद 24 मार्च को उन्हें
अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
बताया गया है कि उन्होंने
जहर निगल लिया था। उन्हें पहले इरोड के एक निजी अस्पताल ले जाया गया और
वहां प्राथमिक उपचार प्रदान कर कोयंबटूर के एक निजी अस्पताल में
स्थानांतरित कर दिया गया था। उनकी हालत तभी से गंभीर बनी हुई थी। वह तीन
बार लोकसभा के लिए चुने गए। द्रमुक ने कहा है कि उनके पार्थिव शरीर को इरोड
के पेरियार नगर स्थित उनके आवास पर ले जाया जाएगा। उसे वहां सार्वजनिक
श्रद्धांजलि के लिए रखा जाएगा।





