तमाम साजिश के बाद भी झारखंड सरकार ने जीता विश्वास मत: तेजस्वी
पटना। झारखंड में हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद चंपई सोरेन के नेतृत्व में बनी नई सरकार के भविष्य को लेकर अनिश्चितता के बादल छंट गए हैं। झारखंड सरकार ने विधानसभा में विश्वासपात्र प्राप्त कर लिया है। सरकार के विश्वास मत प्राप्त करने के बाद राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेता और पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने झारखंड सरकार को बधाई दी है। तेजस्वी यादव ने अपने एक्स मीडिया पर लिखा कि भाजपा के तमाम षड्यंत्र व साजिश के बाद भी झारखंड में महागठबंधन सरकार ने बहुमत प्राप्त कर लिया। उन्होंने चंपई सोरेन सहित महागठबंधन में शामिल झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस और राजद के सभी विधायकों को बधाई दी है। वहीं दूसरी ओर, राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव और चितरंजन गगन ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने झारखंड सरकार को अस्थिर करने जो साजिश रची वह नाकाम हो चुकी है। झारखंड में सरकार बनाने के लिए ईडी जैसी जांच एजेंसी की मदद के बाद भी भाजपा कामयाब नहीं हो सकी।





