विराट के खेलने का फैसला टीम से जुड़ने के बाद होगा : द्रविड़
विशाखापत्तनम । भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने कहा है कि अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली के तीसरे टेस्ट में खेलने का फैसला उनके टीम से जुड़ने के बाद ही होगा। विराट अभी विदेश में हैं और माना जा रहा है कि तीसरे टेस्ट में भी उनका खेलना तय नहीं है। द्रविड़ ने कहा कि टीम से जुड़ने के बाद ही उनके तीसरे टेस्ट में खेलने पर फैसला होगा।
विराट ने पहले दो टेस्ट मैचों से निजी कारणों से नाम वापस ले लिया था। द्रविड़ के अनुसार सीरीज के बचे हुए मैचों के लिए टीम की घोषणा आने वाले दिनों में की जाएगी। साथ ही कहा कि चयनकर्ता टेस्ट के लिए कोहली की उपलब्धता के बारे में तभी जवाब दे पायंगे। द्रविड़ ने कहा कि हम उनसे संपर्क करेंगे और पता लगाएंगे। मुझे लगता है कि चयनकर्ताओं से पूछना सबसे बेहतर रहेगा। मुझे भरोसा है कि अगले तीन टेस्ट के लिए टीम चयन से पहले जवाब देने के लिए वे सबसे अच्छे लोग हैं। मुझे भरोसा है कि अगले कुछ दिनों में टीम का चयन हो जाएगा। भारतीय टीम को दूसरे टेस्ट में कोहली के अलावा केएल राहुल और रवींद्र जड़ेजा की भी कमी महसूस नहीं हुई और उसने आसानी से मैच जीत लिया। यशस्वी जयसवाल ने मैच में दोहरा शतक लगाया जबकि शुभमन ने एक शतक लगाया। वहीं जसप्रीत बुमराह ने छह विकेट लिए।





