कांग्रेस का आरोप भारत न्याय यात्रा को असफल बनाने की कोशिश हो रही है
नई दिल्ली।
कांग्रेस ने कहा है कि असम की सत्तारूढ़ भाजपा सरकार द्वारा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' को असफल करने के प्रयास विफल हो रहे हैं। शुक्रवार को भी 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' को असम में भारी जनसमर्थन देखने को मिला। शुकव्रार सुबह यात्रा छठे दिन असम के निमती घाट से शुरू होकर माजुली के लिए रवाना हुई। राहुल गांधी ने ब्रह्मपुत्र नदी पर नाव से यात्रा की और माजुली पहुंचे। इसके बाद राहुल गांधी ने श्री श्री औनियाती सत्र पहुंचकर देशवासियों की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। शुक्रवार को 110 किलोमीटर चली यात्रा के दौरान हजारों की संख्या में जगह-जगह खड़े लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
स्थानीय लोग हाथों में तिरंगा झंडा लिए हुए राहुल गांधी का इंतजार करते हुए दिखाई दिए। इस दौरान राहुल गांधी ने दो किलोमीटर की पदयात्रा भी की। जनसभा के साथ यात्रा रात को गोगामुख में रुकी। इस दौरान अपने संबोधन में राहुल गांधी ने असम के मुख्यमंत्री को हिंदुस्तान का सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री बताया। उन्होंने कहा कि असम के मुख्यमंत्री हिंदुस्तान के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री हैं, वे भाजपा के दूसरे मुख्यमंत्रियों को भी भ्रष्टाचार करना सिखा सकते हैं। वे असम के लिए काम नहीं करते, बल्कि प्रधानमंत्री मोदी उन्हें जो भी कहते हैं, वे वही करते हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक 'भारत जोड़ो यात्रा' की थी। देश के लोगों को जोड़ने के लिए, सब धर्मों, भाषाओं, प्रदेशों, जातियों को एकजुट करने के लिए कांग्रेस ने 'भारत जोड़ो यात्रा' की और यह बहुत सफल यात्रा रही। कांग्रेस ने अब मणिपुर से महाराष्ट्र तक 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' शुरू की है। उत्तर-पूर्व भारत की संस्कृति और भाषा की रक्षा करना हिंदुस्तान के भविष्य के लिए बहुत जरूरी है। भाजपा-आरएसएस चाहती है कि हिंदुस्तान के प्रदेशों को दिल्ली से चलाया जाना चाहिए, देश में एक भाषा हो, एक नेता हो। लेकिन कांग्रेस का मानना है कि असम को दिल्ली से नहीं, बल्कि असम से चलाया जाना चाहिए।





