दिल्ली में खेल नीति पर ठोस पहल: रेखा गुप्ता सरकार की घोषणा का भाजपा अध्यक्ष ने किया स्वागत, केजरीवाल सरकार पर साधा निशाना

दिल्ली में खेल नीति पर ठोस पहल: रेखा गुप्ता सरकार की घोषणा का भाजपा अध्यक्ष ने किया स्वागत, केजरीवाल सरकार पर साधा निशाना
नई दिल्ली, 23 जुलाई 2025 — दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने राजधानी में खेल और खिलाड़ियों के हित में रेखा गुप्ता सरकार द्वारा लिए गए निर्णयों का स्वागत करते हुए इसे "स्थायी और प्रभावी पहल" करार दिया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के संकल्प पत्र में भाजपा ने युवाओं और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने का वादा किया था, जिसे अब अमलीजामा पहनाया जा रहा है। खिलाड़ियों की ट्रेनिंग की गुणवत्ता बढ़ाने और पुरस्कार राशि में वृद्धि की घोषणा, राजधानी में खेल संस्कृति को एक नई दिशा देगी।
श्री सचदेवा ने कहा कि बीते एक दशक में आम आदमी पार्टी की सरकार ने खेल विश्वविद्यालय, खेल स्कूल, और खिलाड़ियों की विदेश में प्रशिक्षण जैसी बड़ी घोषणाएं तो कीं, लेकिन इन घोषणाओं का ज़मीन पर कोई प्रभाव नहीं दिखा। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल सरकार ने राजधानी के अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियमों और संसाधनों का समुचित उपयोग नहीं किया, जिसके कारण दिल्ली खेल उपलब्धियों के मामले में पिछड़ती रही।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने आम आदमी पार्टी पर तीखा कटाक्ष करते हुए कहा, "केजरीवाल सरकार जब सत्ता में आई थी, तब उसने खुद को एक युवा और परिवर्तनकारी सरकार के रूप में प्रस्तुत किया। शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य और प्रदूषण नियंत्रण के क्षेत्र में बड़े-बड़े सपने दिखाए गए, लेकिन वे सब अधूरे रह गए। इन सपनों की हकीकत वैसी ही साबित हुई जैसे फिल्म 'नई रोशनी' का गीत – 'सपने, सपने कब होंगे अपने, आंख खुली और टूट गए।'"
उन्होंने कहा कि अब रेखा गुप्ता सरकार के फैसलों से स्पष्ट है कि भाजपा केवल वादे नहीं करती, बल्कि उन्हें पूरा करने के लिए ठोस कदम भी उठाती है। आने वाले वर्षों में दिल्ली के युवाओं को खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रशिक्षण, प्रोत्साहन और सम्मान मिलेगा — यही भाजपा की प्रतिबद्धता है।





