Jamui कांड में नया मोड़: मुख्य आरोपी के एनकाउंटर पर पीड़िता की मां का बड़ा बयान- मेरी बेटी की तरह वो भी...

बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ का मामला पूरे देश में चर्चा में है। इस मामले में अब पीड़िता की मां का बड़ा बयान सामने आया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात के बाद पीड़िता की मां ने मीडिया से बात करते हुए अपना दर्द बयां किया और सरकार की कार्रवाई पर संतोष जताया। पीड़िता की मां ने कहा, "उस लड़के ने मेरी बेटी के साथ बहुत गलत किया। मेरी बेटी उसके सामने गिड़गिड़ा रही थी, छोड़ने के लिए रो रही थी लेकिन उन दरिंदों ने एक नहीं सुनी।"
मुख्यमंत्री आवास पर हुई मुलाकात का जिक्र करते हुए मां ने कहा कि सरकार की कार्रवाई से परिवार संतुष्ट है। उन्होंने कहा, "हम कार्रवाई से बहुत संतुष्ट हैं। 24 से 48 घंटे के भीतर पुलिस ने कार्रवाई की। पहले तीन आरोपियों को पकड़ा गया और उसके बाद जो मुख्य आरोपी नंदन यादव था उसका भी एनकाउंटर हुआ। इससे हम लोगों को बहुत खुशी मिली।" पीड़िता की मां ने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उन्हें खुद मिलने के लिए बुलाया था। उन्होंने परिवार की सारी बातें सुनीं। "मुख्यमंत्री ने हम लोगों को बुलाया था। जो भी हमने कहा, सभी पर उन्होंने आश्वासन दिया है।
बेटी की सुरक्षा और पढ़ाई सभी का आश्वासन मुख्यमंत्री ने दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपकी बेटी मेरी है। निश्चिंत रहिए। मुख्यमंत्री से मिलकर बहुत अच्छा लगा।" पीड़िता की मां ने सरकार से मांग की है कि आरोपियों को ऐसी सजा मिले जिससे दोबारा कोई किसी बेटी के साथ ऐसा करने की हिम्मत न करे। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, "मेरी बेटी के साथ जो हुआ, वो और किसी बेटी के साथ न हो। जिस तरह से मेरी बेटी गिड़गिड़ा रही थी, उसी तरह से वो बदमाश भी गिड़गिड़ाएं।
मुख्यमंत्री ऐसा कुछ करें, जिससे बदमाशों में खौफ हो।" बता दें कि 19 सितंबर को जमुई के मड़वा पहाड़ के पास नाबालिग छात्रा और उसके दोस्त के साथ बदसलूकी का वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने SIT गठित कर 7 आरोपियों की पहचान की। 3 आरोपियों को 24 घंटे में गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि मुख्य आरोपी नंदन यादव पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के बाद पकड़ा गया।
विषय





