नवनिर्वाचित सांसदों से मिले मुख्यमंत्री मोहन यादव, मिठाई खिलाकर बधाई दी
भोपाल,। लोकसभा चुनाव में मध्य प्रदेश में मिली ऐतिहासिक जीत के
बाद भाजपा के सभी नवनिर्वाचित सांसद गुरुवार सुबह भोपाल में श्यामला हिल्स
स्थित मुख्यमंत्री निवास पहुंचे और मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुलाकात की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी सांसदों को मिठाई खिलाकर बधाई दी। सांसदों से
मिलने के बाद मुख्यमंत्री दिल्ली रवाना हो गए।
दरअसल, पार्टी
आलाकमान ने मध्यप्रदेश के सभी नवनिर्वाचित 29 सांसदों को दिल्ली बुलाया है।
सांसदों को शुक्रवार को दिल्ली में पार्टी की संसदीय दल की बैठक में शामिल
होना है। बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और दोनों उप मुख्यमंत्री
जगदीश देवड़ा व राजेंद्र शुक्ल को भी दिल्ली बुलाया गया है। मुख्यमंत्री डॉ.
यादव गुरुवार को दोपहर 12.15 बजे भोपाल से दिल्ली रवाना हो गए। भाजपा
प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा शाम 4:30 बजे और
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शाम 7 बजे दिल्ली रवाना होंगे। उप
मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल भी रात तक दिल्ली पहुंच जाएंगे।
लोकसभा
चुनाव में मध्य प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की
है। पहली बार ऐसा हुआ जब मध्यप्रदेश की सभी सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार
चुनाव जीते। इससे पहले 2014 के चुनाव में यहां 27 और 2019 में भाजपा ने 28
सीटों पर जीत दर्ज की थी।
बुधवार को एनडीए में शामिल दलों की बैठक
में सर्वसम्मति से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर मुहर लग चुकी है।
अब दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में शुक्रवार को भाजपा संसदीय दल की बैठक
होगी। इस बैठक में नरेन्द्र मोदी को भाजपा संसदीय दल का नेता चुना जाएगा।





