सीवान में उपद्रवियों का हंगामा, एसपी समेत पुलिसकर्मियों पर पथराव से बिगड़े हालात

गांधी मैदान से जेपी चौक तक बवाल, पुलिस की सख्ती के बाद स्थिति नियंत्रित; कई उपद्रवी गिरफ्तार
सीवान । सीवान में शुक्रवार को छात्रों के प्रदर्शन के दौरान अचानक हिंसा भड़क उठी। देखते ही देखते प्रदर्शन उग्र हो गया और उपद्रवियों ने पुलिस बल पर जमकर पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान जिले के पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा समेत कई पुलिसकर्मी और प्रदर्शनकारी घायल हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज और आंसू गैस का सहारा लेना पड़ा। हालांकि, शुरुआती दौर में आंसू गैस के कई राउंड छोड़े जाने के बावजूद उपद्रवियों की पत्थरबाजी जारी रही।
मामले की शुरुआत शहर के गांधी मैदान से हुई, जहां छात्र अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान अचानक कुछ उपद्रवी तत्वों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति बिगड़ती चली गई। पुलिस की कार्रवाई के बाद उपद्रवी गांधी मैदान से निकलकर जेपी चौक की ओर बढ़ गए और रास्ते में भी जमकर हंगामा एवं पत्थरबाजी की।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा स्वयं मौके पर पहुंचे और पुलिस बल के साथ मोर्चा संभाला। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को समझाने और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान पुलिस पर फिर से पथराव शुरू हो गया। एसपी समेत कई पुलिस अधिकारी और जवान इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।
मामले की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी विवेक रंजन और पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने तत्काल स्थिति को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू की। प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभालते हुए अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर तैनात किया। पुलिस ने उपद्रवियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की। पुलिस की कड़ी कार्रवाई और प्रशासन की तत्परता के बाद धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हुई। इस दौरान पुलिस ने कई उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी रहने की बात कही गई है।
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के बाद गांधी मैदान से लेकर जेपी चौक तक स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और पुलिस लगातार गश्त कर रही है। घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जिलाधिकारी विवेक रंजन और एसपी पूरन कुमार झा ने लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ किसी भी स्थिति में नरमी नहीं बरती जाएगी। पुलिस द्वारा उपद्रवियों की पहचान के लिए उपलब्ध वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
प्रशासन की त्वरित सक्रियता और पुलिस की कड़ी कार्रवाई के बाद फिलहाल शहर में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। हालांकि, एहतियात के तौर पर पुलिस बल की तैनाती जारी है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।





