चंद्र भूषण बने आम आदमी पार्टी के जोनल प्रभारी, राजेश कुमार बहरदार को मिला जिला का प्रभार
-छोटे प्रयासों से बड़े लक्ष्य को हासिल करना है, तो निरंतरता बनाये रखना आवश्यक : संदीप पौण्डरीक
-बिहार स्टार्ट-अप पुरस्कार -2024
पटना ।उद्योग विभाग द्वारा राष्ट्रीय स्टार्ट-अप दिवस के अवसर पर अधिवेशन भवन में स्टार्ट-अप अवार्ड-2024 का आयोजन किया गया जिसका उद्घाटन विभाग के अपर मुख्य सचिव संदीप पौण्डरीक, हस्तकरघा एवं रेशम निदेशालय के निदेशक विवेक रंजन मैत्रेय, विशेष सचिव दिलीप कुमार, चन्द्रगुप्त प्रबंधन संस्थान के निदेशक डा. राणा सिंह आदि ने किया। उद्घाटन सत्र में स्टार्ट-अप उद्यमियों को सम्बोधित करते हुए अपर मुख्य सचिव संदीप पौण्डरीक ने कहा कि हर शुरूआत छोटी होती है और लगातार प्रयास करते रहने से बड़ी सफलता हासिल होती है। उन्होंने कहा कि बड़े आइडिया को इम्पलीमेन्ट करने में कम से कम दस हजार घंटे का समय लगता है। जो लोग बिना हिम्मत हारे लगातार प्रयास करते हैं वे आसमान की ऊँचाईयों को छूते हैं। समापन सत्र में उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में तेज विकास के लिए प्रयास किये जा रहे हैं और उसमें कामयाबी भी मिल रही है। बिहार का इतिहास स्वर्णिम रहा है। उद्यमी बिहार को स्वर्णिम बनाना हमारा लक्ष्य है। जब हम तेज गति से आगे बढ़ने की कोशिश करते हैं तो समस्याएँ आती हैं। हर समस्या का समाधान होता है। स्टार्ट-अप के क्षेत्र में हमने जो प्रभावशाली कदम उठाए हैं, उनकी बदौलत बिहार में 500 से अधिक स्टार्ट-अप खुल चुके हैं। एक समय था, जब बिहार में स्टार्ट-अप की बात को मजाक माना जाता था। लेकिन हमने मिलकर प्रयास किया तो तस्वीर बदल गयी। लोगों की सोच बदल गई। स्टार्ट-अप इको सिस्टम में बिहार लगातार बेहतर कर रहा है। यही कारण है कि राष्ट्रीय स्तर पर आज बिहार को एस्पायरिंग लीडर इन डेवलपिंग ए स्ट्रांग स्टार्ट-अप इको सिस्टम का राष्ट्रीय स्टार्ट-अप अवार्ड मिला है। हम सबको मिलकर बिहार को मजबूत बनाना है। बिहार की बुद्धि का देश में कोई जोर नहीं है। स्टार्ट-अप के क्षेत्र में जब आपलोग बढंगे तो बिहार बढ़ेगा। हम सब बढ़ेंगे। समीर कुमार महासेठ ने कहा कि लगातार काम करने से ही बिहार को उद्योग के मामले में हर प्रकार का सम्मान मिल रहा है। पिछले साल एमएसएमई का राष्ट्रीय पुरस्कार और फूड प्रोसेसिंग का राष्ट्रीय पुरस्कार बिहार को मिला। इस साल स्टार्ट-अप अवार्ड मिला है। हम चाहते हैं कि बिहार में प्रारंभ हो रहे स्टार्ट-अप अपनी ग्लोबल पहचान बनाएँ और यहाँ के स्टार्ट-अप उद्यमी न सिर्फ राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करें बल्कि पूरी दुनिया में छा जाएँ। इस अवसर पर बिहार स्टार्ट-अप द्वारा शानदार प्रदर्शन करने वाले बिहार स्टार्ट-अप कम्पनियों को अवार्ड भी दिया गया। मेडिवाईजर प्रा. लि. को बेस्ट स्टार्ट-अप ऑफ द ईयर का पुरस्कार उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ ने दिया।राष्ट्रीय स्टार्ट-अप दिवस पर आयोजित तीन अलग-अलग सत्रों की अध्यक्षता विज्ञान एवं प्रावैधिकी विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह, पर्यटन एवं आईटी विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह और दरभंगा काॅलेज ऑफ इंजीनियरिंग के प्राचार्य संदीप तिवारी ने किया।





