मप्रः भैरव घाट पर बाउंड्रीवाल से टकराकर पलटी बेकाबू कार, एक परिवार के छह लोगों की मौत
सीहोर । मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में सलकनपुर के पास एक टवेरा
कार बेकाबू होकर भैरव घाटी पर बाउंड्रीवाल से टकराकर पलट गई। इस हादसे में
एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए हैं। कार
सवार सभी भोपाल के रहने वाले हैं। सभी लोग शुक्रवार सुबह कार से सलकनपुर
स्थित देवी धाम गए थे। शाम को सभी माता बिजासन के दर्शन कर भोपाल लौट रहे
थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर
पहुंचकर घायलों को रहटी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
रहटी
थाना प्रभारी राजेश सहारे ने बताया कि दुर्घटना शुक्रवार शाम करीब साढ़े
छह बजे भैरव घाट पर हुई। कार में चालक समेत भोपाल के डीआईजी बंगला क्षेत्र
में चौकसे नगर के रहने वाले 12 लोग सवार थे। वे अपने बेटे के मुंडन संस्कार
के लिए सलकनपुर स्थित प्रसिद्ध देवीधाम गए थे। वहां से लौटते समय गाड़ी की
स्पीड अधिक होने से वह भैरव घाट पर बनी बाउंड्रवाल से टकरा गई और पलट गई।
इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए।
घायलों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। इनमें
से एक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई, जबकि देर रात तक गंभीर रूप से
घायल तीन अन्य लोगों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे
में घायल भरत पांडेय ने बताया कि शुक्रवार सुबह मेरे बड़े भाई मोहित पांडेय
के तीन महीने के बेटे का मुंडन संस्कार के लिए पिता शारदा पांडेय और चाचा
राजेंद्र पांडेय समेत टवेरा से सलकनपुर गए थे। गाड़ी में तीन बच्चों समेत 12
लोग थे।
बुधनी एसडीओपी शशांक गुर्जर ने
बताया कि बिजासन माता के दर्शन के बाद भोपाल लौटते समय भैरव घाटी पर गाड़ी
का संतुलन बिगड़ गया, जिससे कार घाट की बाउंड्रीवॉल से टकराकर पलट गई।
राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने
एम्बुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने बताया कि हादसे
में राजेंद्र प्रसाद पांडे (70) और शारदा प्रसाद पांडे (72) की मौके पर ही
मौत हो गई, जबकि लक्ष्मी नारायण निवासी, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की अस्पताल
ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। वहीं, मां अपर्णा वाजपेयी पांडे पत्नी
सुरेश पांडे, चाची उषा पांडे पत्नी राजेंद्र पांडे और पुष्पलता अवस्थी (90)
पत्नी स्व. सुशील अवस्थी ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
वहीं,
मोहित पांडे (33) पुत्र राजेंद्र पांडे, शिखा तिवारी पाण्डेय (29) पत्नी
मोहित पांडे, ज्योति वाजपेयी पत्नी भरत पांडे, मोनिका पांडे पुत्री
राजेंद्र पांडे, गायत्री पांडे, ओम पांडे (तीन महीने) पुत्र मोहित पांडे
घायल हुए हैं, जनका उपचार जारी है।





