बिहार के 19 साल के शुभम ने कैंडी क्रश में रचा इतिहास, इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ नाम
बिहार के सारण जिले के दिघवारा निवासी 19 वर्षीय शुभम कुमार ने Candy Crush Saga में 22,222वां लेवल पार कर अनोखा रिकॉर्ड बनाया है। इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने 5 जुलाई 2026 को हासिल इस उपलब्धि को 'टीनएजर कैटेगरी में हाईएस्ट लेवल' के तौर पर मान्यता दी है, तब उनकी उम्र 19 साल 8 महीने 25 दिन थी। सीवान इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र शुभम को सर्टिफिकेट और मेडल मिला है। वह अब 23,165 लेवल तक पहुंच चुके हैं।

कैंडी क्रश शुरू करना आसान है, लेकिन हजारों लेवल पार करते जाना बिल्कुल अलग बात है। ज्यादातर लोग इस गेम को 5-10 मिनट के टाइमपास के लिए खोलते हैं, फिर फोन रख देते हैं। लेकिन बिहार के एक 19 साल के लड़के ने इसमें वो कर दिखाया है, जो आज तक किसी टीनएजर ने नहीं किया था। बिहार के सारण जिले के दिघवारा के रहने वाले शुभम कुमार ने लोकप्रिय मोबाइल गेम Candy Crush Saga में 22,222वां लेवल पार करके इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज करा लिया है।शुभम की इस उपलब्धि को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड ने नहीं, बल्कि इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने मान्यता दी है।
संगठन के मुताबिक शुभम ने यह माइलस्टोन 5 जुलाई 2026 को हासिल किया था। उस समय उनकी उम्र 19 साल, 8 महीने और 25 दिन थी। उनका रिकॉर्ड 'Highest Level Achieved in Candy Crush Saga (Teenager)' कैटेगरी में दर्ज किया गया है। संस्था ने उन्हें सर्टिफिकेट और मेडल देकर सम्मानित भी किया है। शुभम सारण/छपरा के दिघवारा के रहने वाले हैं और फिलहाल सिवान के राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय (Government Engineering College, Siwan) में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे हैं। बिहार सरकार के विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने भी उनकी इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी है और कहा है कि उन्होंने कॉलेज और राज्य का नाम रोशन किया है।
Candy Crush Saga King कंपनी द्वारा बनाया गया एक मैच-थ्री पजल गेम है, जिसमें एक ही रंग की कैंडीज को मिलाकर टारगेट पूरे करने होते हैं। शुरुआती 100-200 लेवल तो आसान लगते हैं, लेकिन 1000 के बाद हर लेवल में नई बाधाएं, लिमिटेड मूव्स और मुश्किल टारगेट आने लगते हैं। 22,222 लेवल तक पहुंचने का मतलब है सालों की निरंतरता, धैर्य और रोज कई घंटे की प्रैक्टिस। यह कोई एक दिन में नहीं होता। रिपोर्ट्स के मुताबिक शुभम इस गेम को कई सालों से खेल रहे हैं। दिलचस्प बात ये है कि शुभम 22,222 पर रुके नहीं। उन्होंने Candy Crush की ऑफिशियल कम्युनिटी King Community पर खुद बताया कि वह अब 23,105 और फिर 23,165 लेवल तक पहुंच चुके हैं। हालांकि ऑफिशियल रिकॉर्ड 22,222 लेवल पर ही मान्य है।
शुभम की कहानी X पर @gharkekalesh हैंडल से शेयर होने के बाद वायरल हो गई। कई यूजर्स ने लिखा - "एक बिहारी सब पर भारी", तो कुछ ने मजाक में कहा - "भाई ने गेम का ही The End कर दिया।" यह रिकॉर्ड बताता है कि युवाओं की प्रतिभा सिर्फ पढ़ाई या नौकरी तक सीमित नहीं है। अपने पैशन में भी लगातार मेहनत करके इंटरनेशनल लेवल पर पहचान बनाई जा सकती है।
विषय




