उतार-चढ़ाव के बीच शेयर बाजार में तेजी जारी, सेंसेक्स और निफ्टी ने बनाई बढ़त
नई
दिल्ली, । घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के
दौरान लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है। हालांकि इस उतार-चढ़ाव के बावजूद
सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक लगातार हरे निशान में बने हुए हैं। आज के
कारोबार की शुरुआत भी बढ़त के साथ हुई थी। लेकिन बाजार खुलने के बाद से ही
तेजड़ियों और मंदड़ियों के बीच खींचतान शुरू हो गई, जिसकी वजह से शेयर
बाजार की चाल भी लगातार ऊपर नीचे होती रही। पहले एक घंटे का कारोबार होने
के बाद सेंसेक्स 0.31 प्रतिशत और निफ्टी 0.26 प्रतिशत की मजबूती के साथ
कारोबार कर रहे थे।
शुरुआती एक घंटे के कारोबार के
दौरान स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से एक्सिस बैंक, अल्ट्राटेक
सीमेंट, एचडीएफसी बैंक, ब्रिटानिया और हीरो मोटोकॉर्प के शेयर 1.78 प्रतिशत
से लेकर 0.85 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर
बीपीसीएल, एचसीएल टेक्नोलॉजी, अडाणी पोर्ट्स, एशियन पेंट्स और बजाज फिनसर्व
के शेयर 0.80 प्रतिशत से लेकर 0.55 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते
नजर आ रहे थे।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में
2,197 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,510 शेयर मुनाफा
कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 687 शेयर नुकसान उठा कर लाल
निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से
15 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 15 शेयर
बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में
शामिल शेयरों में से 24 शेयर हरे निशान में और 26 शेयर लाल निशान में
कारोबार करते नजर आ रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 188.11
अंक की तेजी के साथ 77,529.19 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने
के बाद से ही लिवालों और बिकवालों के बीच एक दूसरे पर हावी होने की कोशिश
शुरू हो गई, जिसके कारण इस सूचकांक की चाल भी लगातार ऊपर नीचे होती रही।
खरीदारी के सपोर्ट से ये सूचकांक उछल कर 77,636.19 अंक के स्तर तक पहुंचा।
वहीं, बिकवाली का दबाव बनने पर इसने 77,459.60 में अंक तक गोता भी लगा
दिया। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले 1 घंटे का कारोबार
होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 240.77 अंक की मजबूती के साथ
77,581.85 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की
तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 39.25 अंक की बढ़त के साथ 23,577.10 अंक के
स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही तेजड़ियों और मंदड़ियों के
बीच खींचतान शुरू हो जाने के कारण इस सूचकांक की चाल में भी लगातार
उतार-चढ़ाव होता रहा। खरीदारी के सपोर्ट से ये सूचकांक उछल कर 23,618.10 तक
पहुंचा, वहीं मुनाफा वसूली होने पर इसने 23,564.95 अंक तक गोता भी लगा
दिया। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती 1 घंटे का
कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 60.95 अंक की मजबूती के साथ
23,598.80 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसके पहले
पिछले कारोबारी दिन सोमवार को सेंसेक्स 131.18 अंक यानी 0.17 प्रतिशत की
मजबूती के साथ 77,341.08 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 36.75
अंक यानी 0.16 प्रतिशत उछल कर 23,537.85 अंक के स्तर पर सोमवार के कारोबार
का अंत किया था।




