कांग्रेस के घोषणा पत्र को भाजपा ने बताया भ्रम का पुलिंदा
नई
दिल्ली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस के
घोषणा पत्र पर तंज कसते हुए कहा कि यह न्याय पत्र नहीं बल्कि अन्याय पत्र
और भ्रम का पुलिंदा है। भाजपा ने कहा कि देश की सबसे पुरानी राजनीतिक
पार्टी ने सबसे ज्यादा समय शासन किया लेकिन तब कुछ किया नहीं, अब ना जाने
क्या कमाल कर दिखाएंगे।
शुक्रवार को यहां भाजपा मुख्यालय में
आयोजित संवाददाता सम्मेलन में राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा
कि कांग्रेस के शासन काल में सबसे ज्यादा महंगाई दर और सबसे कम विकास दर
रही है। उन्होंने कहा कि आज जारी किये गए कांग्रेस के घोषणा पत्र में जिन
तस्वीरों का प्रयोग किया गया है वो विदेशों की हैं। कांग्रेस के घोषणापत्र
में जल प्रबंधन पर एक तस्वीर है। यह तस्वीर न्यूयॉर्क राज्य की बफ़ेलो नदी
की है। अब तक वे ऐसा नहीं कर पाए हैं। अब तक कांग्रेस के नेता देश के बारे
में विदेशों में भारत के विरुद्ध भ्रम फैलाते थे। अब घोषणा पत्र में भी यही
काम कर देश की जनता में भ्रम फैला रहे हैं।
सुधांशु त्रिवेदी ने
कहा कि घोषणा पत्र में छपी यह तस्वीर उन्हें किसने भेजी? पर्यावरण अनुभाग
के तहत राहुल गांधी के पसंदीदा स्थान थाईलैंड की एक तस्वीर उनके घोषणापत्र
में डाली गई है? घोषणा पत्र में विदेशों की तस्वीरों का सहारा ले रहे हैं
कांग्रेसी। सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी, जिसने कभी भारत के युवाओं के साथ
न्याय नहीं किया, वित्त क्षमता के साथ न्याय नहीं किया, सैन्य क्षमता के
साथ न्याय नहीं किया, भारत के सामाजिक समरसता के साथ न्याय नहीं किया, वो
आज न्याय पत्र लेकर आए हैं। विदेशी प्रभाव कांग्रेस के ऊपर इतना गहरा हो
गया है कि अब मैनिफेस्टो में विदेश की तस्वीरें लगाई गई हैं।





