बीमा भारती की बढ़ी मुश्किलें, मर्डर केस में पति-बेटे के खिलाफ वारंट जारी

बीमा भारती की बढ़ी मुश्किलें, मर्डर केस में पति-बेटे के खिलाफ वारंट जारी
पटना ।रूपौली में होने वाले उपचुनाव से पहले आरजेडी उम्मीदवार बीमा भारती की मुश्किलें बढ़ गईं हैं। पूर्णिया के चर्चित कारोबारी गोपाल यादुका हत्याकांड में बीमा भारती के पति अवधेश मंडल और बेटे राजा कुमार के खिलाफ पुलिस ने वारंट जारी कर दिया है और दोनों को सरगर्मी से तलाश कर रही है। कुछ दिन पहले ही इस हत्याकांड में बीमा भारती के बेटे राजा कुमार को गिरफ्तार करने के लिए पूर्णिया पुलिस की टीम बीमा भारती के पटना स्थित सरकारी आवास पहुंची थी। दरअसल, पूर्णिया के भवानीपुर बाजार में बीती 2 जून को कारोबारी गोपाल यादुका की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में रूपौली से पांच बार की विधायक और पूर्णिया लोकसभा सीट से आरजेडी के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ने वालीं बीमा भारती के बेटे का कनेक्शन सामने आया था।मामले में गिरफ्तार किए गए अपराधियों ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि बीमा भारती के बेटे राजा ने कारोबारी की हत्या करने के लिए उन्हें सुपारी दी थी। पुलिस का दावा है कि बीमा भारती के बेटे ने ही शूटर का इंतजाम किया था। शूटर्स को पांच लाख की सुपारी दी गई, जिसके बाद दो जून को चार अपराधियों ने मिलकर गोपाल यादुका की हत्या कर दी थी।इसके बाद सभी कदमा वासा गांव में इकट्ठा हुए और वहां बीमा भारती के बेटे ने सभी को मटन पार्टी दी थी। वारदात के बाद बीमा भारती का बेटा राजा पूर्णिया से फरार हो गया। जिसकी गिरफ्तारी के लिए पूर्णिया पुलिस छापेमारी कर रही है।





