1990-2005 तक ठहरा हुआ था बिहार, अब है बढ़ता बिहार : सम्राट चौधरी
1990-2005 तक ठहरा हुआ था बिहार, अब है बढ़ता बिहार : सम्राट चौधरी
-बजट में की गई 16 करोड़ रुपए अधिक की वृद्धि
-इलेक्टोरल बांड को लेकर माले का प्रदर्शन
पटना। बिहार विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन बजट पर चर्चा के दौरान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि 22 हजार से 2 लाख 78 हजार करोड़ का बजट हो गया है। इस बार 16 करोड़ रुपए अधिक की वृद्धि की गई है। तेजस्वी का बिना नाम लिए सम्राट चौधरी ने कहा कि कुछ लोगों का कहना कि बिहार थका हुआ है। हम कहते हैं 1990-2005 तक ठहरा हुआ बिहार था, अब बढ़ता बिहार है। 2005 से बिहार बदल रहा है।उन्होंने कहा कि 2005 से अब तक 7.5 लाख लोगों को नौकरी दी गई है। पहले गंगा पार करने में दिन बीत जाता था। अभी 12 पुल गंगा पर बन रहे हैं। इसमें 4 बनकर तैयार भी हो गए हैं। पीएम मोदी और सीएम नीतीश के नेतृत्व में देश और राज्य दोनों बढ़ रहा है। बिहार को टैक्स नहीं मिलता था। यहां फैक्ट्री नहीं थी। हम कांज्यूमिंग स्टेट हैं। आज पूर्ण रूप से टैक्स दिया जा रहा है। श्री चौधरी ने कहा कि राज्य में हाई स्कूल नहीं थे, आज पंचायतों को एक हाई स्कूल दिया गया है। बिजनेस कनेक्ट की शुरूआत हुई है। 40 लाख मिट्रिक टन इथेनॉल केंद्र खरीदेगा। इथेनॉल का प्लांट खड़ा किया गया। इंफ्रास्ट्रक्चर में 1 लाख करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। बता दें बिहार सरकार ने 13 फरवरी को वित्त वर्ष 2024-25 के लिए विधानसभा में 2.79 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया था। बजट में शिक्षा और स्वास्थ्य के साथ सामाजिक सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है।इससे पहले प्रश्नकाल के दौरान सम्राट चौधरी ने सदन में जानकारी दी कि बिहार में 326 अवैध कंपनियों पर मामले दर्ज हैं। इनके खिलाफ कार्रवाई होगी। जुलाई-दिसंबर 2022 के दौरान बिहार में हत्याएं ज्यादा क्यों हुई, इसकी जांच सरकार कराएगी। प्रश्नकाल के दौरान कटिहार के कदवा में एक कब्रिस्तान की घेराबंदी की मांग पर कांग्रेस नेता शकील अहमद ने सदन में नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि वहां कबरा खोद कर शव को क्षत-विक्षत कर दिया गया और सरकार इसे संवेदनशील नहीं मान रही है। इस पर मंत्री बिजेंद्र यादव ने कहा कि जांच जारी है। सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई थी।सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले माले विधायकों ने प्रदर्शन किया। जातीय गणना के आंकड़ों का झूठा बताना बंद करो, इलेक्टोरल बॉन्ड पर जवाब दो जैसे तख्ती लेकर प्रदर्शन किया। लेफ्ट ने भाजपा पर बड़ा आरोप लगाया है। लेफ्ट का आरोप है कि इलेक्टोरल बॉन्ड के माध्यम से भाजपा ने अपने पूंजीपति साथियों से 6.5 हजार करोड़ की घूस ली है। अब सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद भाजपा को इसका हिसाब देना चाहिए।





