चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका,झारखंड के पूर्व सीएम मधु कोड़ा और सांसद गीता कोड़ा ने थामा बीजेपी का दामन

रांची : झारखंड के पूर्व सीएम मधु कोड़ा और चाईबासा की सांसद गीता कोड़ा ने भाजपा का दामन थाम लिया है।भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने प्रदेश कार्यालय में दोनों को पार्टी की सदस्यता ग्रहण करायी। गीता कोड़ा और मधु कोड़ा के भाजपा में शामिल होना पार्टी के लिए प्राइज कैच माना जा रहा है।वहीं कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के लिए यह बहुत बड़ा झटका है।क्योंकि कोल्हान क्षेत्र में गीता कोड़ा की अच्छी पकड़ है। कांग्रेस की झारखंड में एकमात्र सांसद गीता कोड़ा का पार्टी से मोहभंग हो गया था। काफी दिनों से वो पार्टी में अपनी उपेक्षा से नाराज चल रही थी. हालांकि कांग्रेस ने उन्हें प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष भी बनाया था।
बता दें कि 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में वो कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरी थीं। उन्होंने बीजेपी के लक्ष्मण गिलुवा को हराया और पहली बार सांसद बनीं।वो झारखंड में कांग्रेस की एकमात्र प्रत्याशी थीं, जिन्होंने जीत हासिल की। गौरतलब है कि 2009 के विधानसभा चुनाव में गीता कोड़ा पहली बार चुनावी मैदान में उतरीं।वो जगन्नाथपुर सीट से बीजेपी प्रत्याशी को हराकर पहली बार विधायक बनीं। 2014 में उन्होंने सिंहभूम लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन हार गईं। 2014 में ही हुए विधानसभा चुनाव में उन्होंने एकबार फिर जीत दर्ज की।2018 में वो कांग्रेस में शामिल हुईं।
बता दें कि गीता कोड़ा झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की पत्नी हैं।उनका जन्म 26 सितंबर 1983 को झारखंड के मेघहातुबुरु में हुआ था। उन्होंने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। फिर मधु कोड़ा से शादी की। मधु कोड़ा के जेल जाने के बाद गीता कोड़ा सक्रिया राजनीति में उतर गईं।





