भरगामा में शांतिपूर्ण पैक्स चुनाव के लिए निकाला गया फ्लैग मार्च

अररिया। भरगामा में कल मंगलवार को होने वाले पैक्स चुनाव को लेकर सोमवार की शाम फारबिसगंज डीसीएलआर अमित कुमार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मुकेश कुमार साहा ने भरगामा थाना क्षेत्र के दर्जनों गांव में फ्लैग मार्च किया।इस दौरान डीसीएलआर अमित कुमार ने बताया कि भरगामा प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार को होने वाले पैक्स चुनाव को लेकर सारी तैयारी पूरी कर ली गई है।शांतिपूर्ण चुनाव को लेकर सिमरबनी,छर्रापट्टी,शंकरपुर,जयनगर,महथावा,सिरसियाकला,पैकपार,भरगामा,सुकेला,खजुरी,धनेश्वरी,खुटहा बैजनाथपुर,नया भरगामा,विषहरिया,हरीपुरकला,विरनगर आदि में फ्लैग मार्च निकाला गया।उन्होंने बताया कि भरगामा प्रखंड क्षेत्र में पैक्स चुनाव को लेकर कुल 62 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें 37 हजार 685 मतदाता वोट डालेंगे, जिसकी प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गई है। बताया गया कि अतिसंवेदनशील 09 व संवेदनशील 10 बूथों पर प्रशासन की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। मतदान केंद्र से 200 मीटर की दूरी की परिधि में कोई दुकान,प्रतिष्ठान आदि मतदान अवधि के दौरान नहीं खुलेंगे। निर्वाचन पदाधिकारी सह बीडीओ को सभी बूथ पर मतदान पूर्व आवश्यक सुविधा को सुनिश्चित करने एवं मतगणना की तैयारी मतगणना पूर्व कर लेने का निर्देश दिया गया।वहीं डीएसपी मुकेश कुमार साह ने पुलिस पदाधिकारी को मतदान के दिन भ्रमणशील रहकर शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने का निर्देश दिया।उन्होंने बताया कि शांतिपूर्ण मतदान की तैयारी पूरी कर ली गयी है। विधि व्यवस्था में व्यवधान डालने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन पर कानून के सुसंगत धाराओं के तहत कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





