कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ भरगामा में पैक्स चुनाव

अररिया। जिले के भरगामा के 19 पंचायतों में पैक्स चुनाव मंगलवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। 62 मतदान केंद्रों पर मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया।37 हजार 685 मतदाताओं में शाम साढ़े चार बजे तक कुल 60 प्रतिशत मतदान हुआ।बीडीओ सह प्रखंड निर्वाचन पदाधिकारी शशि भूषण सुमन ने बताया कि सुबह सात बजे से ही विभिन्न बूथों पर मतदान शुरू हो गया था। सभी मतदान केंद्र पर पीठासीन अधिकारी व दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी की तैनाती की गई थी।शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न कराने को लेकर प्रखंड कार्यालय परिसर में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया था।चुनाव को लेकर सेक्टर के साथ पेट्रोलिंग के लिए मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी।शांतिपूर्ण माहौल में मतदान कराने हेतु मतदाताओं को नियंत्रित करने में पुलिस बल लगे रहे।इस दौरान फारबिसगंज डीसीएलआर अमित कुमार,एसपी अमित रंजन,एसडीपीओ मुकेश कुमार साह,बीडीओ शशि भूषण सुमन,सीओ निरंजन कुमार मिश्र,भरगामा थानाध्यक्ष राकेश कुमार,महिला थाना प्रभारी अंचला कुमारी,एससीएसटी थाना प्रभारी पवन पासवान दल-बल के साथ थाना अंतर्गत सभी बूथों पर भ्रमणशील रहे।चुनाव अवधि के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों की गाड़ी बूथों पर दौड़ती रही।बुजुर्ग मतदाताओं में भी मतदान को लेकर काफी उत्साह दिखा।सभी पदों को मिलाकर कुल 142 पैक्स प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटी में बंद हो गया।





