बिहार की प्रगति के लिए निरंतर प्रयासरत है बरौनी रिफाइनरी : आर.के. झा
बिहार की प्रगति के लिए निरंतर प्रयासरत है बरौनी रिफाइनरी : आर.के. झा
बेगूसराय, 22 मार्च । बिहार दिवस के अवसर पर इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के बरौनी रिफाइनरी में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रभात फेरी के साथ हुई। इस अवसर पर स्वच्छता का संदेश और पर्यावरण संरक्षण के लिए भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।
रिफाइनरी टाउनशिप स्टेडियम में कार्यपालक निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख आर.के. झा ने झंडा दिखा कर एकता, भाईचारा, सौहार्द और बिहार के विकास में प्रयासरत रहने के संदेश के साथ प्रभात फेरी को रवाना किया। प्रभात फेरी में रिफाइनरी के कर्मचारी, टाउनशिप निवासी, सीआईएसएफ जवान और डीजीआर के जवानों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया।
इस अवसर पर आर.के. झा ने कहा कि बुद्ध की धरती, महावीर की जन्मभूमि, स्वर्णिम इतिहास की धनी, बिहार के स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। बरौनी रिफाइनरी सतत ऊर्जा समाधान प्रदान करते हुए और सामाजिक विकास पहलों के माध्यम से बिहार की प्रगति में निरंतर प्रयासरत है। आज के इस पावन दिन पर हम सभी बिहार को प्रगति के नए शिखर पर ले जाने और बिहार का गौरव बढ़ाने का संकल्प लें।
मौके पर टाउनशिप स्थित बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री बिहार केसरी डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर बिहार की प्रगति में उनके योगदान के लिए उन्हे याद किया गया। इसके साथ ही टाउनशिप स्थित देशरत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर और सूरज नारायण सिंह की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया गया। इसके बाद पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए बिहार में हरियाली और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए 50 पौधे लगाए गए।
स्वच्छता का संदेश देने के लिए श्रमदान भी किया गया। जिसमें बरौनी रिफाइनरी के कार्यपालक निदेशक एवं रिफ़ाइनरी प्रमुख एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के श्रमदान किया। इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक (तकनीकी) सत्य प्रकाश, मुख्य महाप्रबंधक (परियोजना) जी.आर.के. मूर्ति, मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) डॉ. प्रशांत राऊत, मुख्य महाप्रबंधक (टीएस एवं एचएसई) एस.जी. वेंकटेश, सीआईएसएफ के कमांडेंट आर.के. सिंह, बीटीएमयू के अतिरिक्त महासचिव संजीव कुमार, रजनीश रंजन एवं आईओओए के सीईसी पीयूष कुमार राय सहित अन्य उपस्थित थे।





