कांवड़ यात्रा मार्ग पर खुले में मांस बिक्री पर रोक — मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सख्त निर्देश

लखनऊ।कांवड़ यात्रा 2025 की तैयारियों को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार पूरी तरह से सक्रिय हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रियों की आस्था, सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर खुले में मांस की बिक्री पूर्णतः प्रतिबंधित होनी चाहिए और इसके उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री द्वारा जारी निर्देशों के प्रमुख बिंदु इस प्रकार हैं:
* कांवर यात्रा मार्ग में विक्रेताओं को अपना नाम स्पष्ट रूप से लिखना अनिवार्य होगा, जिससे उनकी पहचान में कोई कठिनाई न हो।
*कांवड़ यात्रा मार्ग पर कहीं भी खुले में मांस, मछली या किसी प्रकार का अपवित्र या दुर्गंध युक्त पदार्थ खुले रूप में नहीं बेचे जाएंगे।
* यात्रियों की सुविधा हेतु यात्रा मार्गों पर स्वच्छता, समुचित रोशनी, पेयजल, चलित एवं स्थायी शौचालय, साथ ही प्राथमिक उपचार की पूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
* जर्जर बिजली के खंभे और लटकते तारों को तत्काल ठीक किया जाए, जिससे यात्रा मार्ग पर कोई दुर्घटना न हो।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि श्रावण मास की कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का ही नहीं, बल्कि अनुशासन और सेवा भावना का प्रतीक है। इसके मद्देनज़र संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करना होगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
यह निर्णय एक ओर धार्मिक आस्थाओं का सम्मान है, तो दूसरी ओर सामाजिक समरसता बनाए रखने की दिशा में एक सशक्त कदम भी। शासन की मंशा स्पष्ट है— "श्रद्धा का सम्मान और व्यवस्था का पालन।"





