मुख्यमंत्री प्रखंड परिवहन योजना के दूसरे चरण की शुरुआत की तैयारी में जुटा डीटीओ कार्यालय
अररिया। प्रखंडों एवं सुदूर पंचायत को जिला मुख्यालय से जोड़ने
एवं आमजनों को परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित
मुख्यमंत्री प्रखंड परिवहन योजना के दूसरे चरण की तैयारी में जिला परिवहन
कार्यालय जुट गया है।
जिला परिवहन पदाधिकारी सुशील कुमार ने
जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के तहत बस को खरीददारी करने के लिए
लाभुकों को पांच लाख रूपये की अनुदान राशि बिहार सरकार की ओर से दी जाती
है। उन्होंने बताया कि 22 जुलाई से 31 जुलाई तक योजना का प्रशिक्षण एवं
जागरूकता कार्यक्रम के बाद लाभुकों के लिए आगामी 1 अगस्त से 25 अगस्त तक
प्रखंडवार आवेदन की तिथि निर्धारित है। 27 अगस्त को प्रखंडवार एवं कोटिवार
आवेदनों के आधार पर वरीयता सूची का निर्माण किया जाएगा।वहीं 29 अगस्त को
डीटीओ द्वारा तैयार वरीयता सूची के आधार पर डीएम की अध्यक्षता में गठित चयन
समिति द्वारा लाभुक का चयन किया जाएगा।2 सितंबर को सूची एवं प्रतीक्षा
सूची को डीटीओ कार्यालय में प्रकाशित किया जाएगा,जिसमे 3 दिनों के समय सीमा
में आपत्ति ली जाएगी।जिसके बाद 5 सितंबर को डीएम की अध्यक्षता में गठित
समिति द्वारा आपत्ति निराकरण के पश्चात अंतिम चयन सूची का प्रकाशन किया
जाएगा।
6 से 10 सितंबर को डीटीओ द्वारा चयनित लाभुकों के चयन पत्र
का तामिला करने के पश्चात 11 सितंबर से लगातार बस क्रय के बाद चयनित लाभुक
द्वारा अनुदान प्राप्ति हेतु आवेदन डीटीओ कार्यालय को समर्पित करने की तिथि
निर्धारित है।जिसके सात दिनों के अंदर अनुदान की राशि सीएफएमएस माध्यम से
लाभुक के खाते में भुगतान किया जाएगा।
डीटीओ सुशील कुमार ने बताया
कि यह योजना जिला मुख्यालय के प्रखंड को छोड़कर है।प्रति प्रखंड अधिकतम सात
लाभुकों को प्रति बस पांच लाख रूपये का अनुदान योजना के तहत दिया
जायेगा।उन्होंने बताया कि प्रखंड में अधिकतम अनुसूचित जाति से दो,अत्यंत
पिछड़ा वर्ग से दो,पिछड़ा वर्ग से एक,अल्पसंख्यक वर्ग से एक और एक सामान्य
वर्ग से लाभुकों को अनुदान का लाभ दिया जायेगा।





