राज्यसभा के लिए एनडीए के तीनों उम्मीदवार कल करेंगे नामांकन -बिहार की 6 सीटों पर होना चुनाव
पटना: संसद के उच्च सदन यानी कि राज्यसभा से इस साल अप्रैल में 15 राज्यों के 56 सदस्य रिटायर हो जाएंगे। इनमें छह सीटें बिहार की हैं यहीं वजह है कि उनके कार्यकाल खत्म होने से पहले इन सीटों पर चुनाव कराया जा रहा है। 27 फरवरी, 2024 को इन सभी सीटों के लिए मतदान होगा।राज्यसभा चुनाव के लिए 8 फरवरी से 15 फरवरी 2024 तक नामांकन दिए जा सकेंगे, जबकि उम्मीदवारी से नाम वापस लेने के लिए आखिरी तारीख 20 फरवरी, 2024 रहेगी।मतदान और वोटों की गिनती एक ही दिन 27 फरवरी को होगी।वहीं बिहार में राज्यसभा चुनाव के लिए एनडीए के तीनों उम्मीदवार 14 फरवरी को नामांकन पत्र भरेंगे।भाजपा से पूर्व मंत्री भीम सिंह और धर्मशीला गुप्ता तो जदयू से पूर्व मंत्री संजय कुमार झा नामांकन दाखिल करेंगे। विधानसभा के सचिव कक्ष में ये सभी उम्मीदवार नॉमिनेशन करेंगे। विधायकों की संख्या के आधार पर बिहार की छह में तीन-तीन राज्यसभा की सीटें एनडीए और महागठबंधन के पक्ष में जाएंगे।संख्याबल के आधार पर राज्यसभा की भाजपा को दो सीट, राजद को दो सीट और जदयू को एक सीट मिलना तय माना जा रहा है। वहीं, छठी सीट महागठबंधन के किस दल को जाएगी, तय होना बाकी है।राजद ने अपने एक उम्मीदवार मनोज झा को लगातार दूसरी बार राज्यसभा भेजने का फैसला किया है। भीम सिंह अतिपिछड़ा चंद्रवंशी समुदाय से आते हैं। वे प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष के पद पर हैं। डॉ धर्मशीला गुप्ता पिछड़ा वर्ग वैश्य समुदाय से आती हैं। भाजपा के नेता सुशील मोदी भी इसी समुदाय से हैं। धर्मशीला को भाजपा ने राज्यसभा का टिकट दिया है ये दरभंगा की रहने वाली हैं और वार्ड काउंसलर रही हैं। धर्मशीला प्रदेश महिला मोर्चा की जिम्मेवारी संभाल रहीं है।





