झारखंड के सभी स्कूलों में कक्षा 8 तक की पढ़ाई अगले आदेश तक बंद

*झारखंड के सभी स्कूलों में कक्षा 8 तक की पढ़ाई अगले आदेश तक बंद*
रांची : झारखंड में संचालित सरकारी एवं गैर सरकारी सभी कोटि के स्कूलों में केजी से कक्षा 8 की पढ़ाई अगले आदेश तक के लिए बंद कर दी गई है। इस संबंध में आज आदेश शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह ने जारी कर दिया। यह निर्देश 30 अप्रैल, 2024 के प्रभाव से अगले आदेश तक लागू रहेगा।
आदेश में शिक्षा सचिव द्वारा कहा गया है कि राज्य में अत्यधिक गर्मी पड़ने एवं लू के कारण छात्रों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। इसे ध्यान में रखते हुए राज्य में संचालित सभी कोटि के सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त/गैर सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) और सभी निजी विद्यालयों में केजी से कक्षा 8 तक की कक्षाएं अगले आदेश तक के लिए स्थगित की जाती है।
आदेश में यह भी कहा गया है कि सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त गैर सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) विद्यालयों के शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों पर यह आदेश लागू नहीं होगा। शिक्षकों/शिक्षकेत्तर कर्मियों को देय ग्रीष्मावकाश के लिए अलग से आदेश निर्गत किया जायेगा। शिक्षक/शिक्षकेत्तर कर्मी प्रतिदिन विद्यालय की निर्धारित अवधि में विद्यालय में उपस्थित होकर निर्दिष्ट कार्यों को करना सुनिश्चित करेंगे।





