पटना के सभी सरकारी एवं निजी स्कूल 16 जनवरी तक बंद
पटना। बिहार में दो दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड को देखते हुए सभी
सरकारी और निजी स्कूलों 16 जनवरी तक बंद रहेंगे। इस संबंध में शुक्रवार को
पटना के डीएम चंद्रशेखर सिंह ने 8वीं तक के सभी स्कूलों को अगले आदेश तक
बंद करने का आदेश जारी किया है।आदेश में कहा गया है कि जिले में ठंड का
मौसम और कम तापमान विशेष रूप से सुबह और शाम के समय में जारी है, जिसके
कारण बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना है।
ऐसे में दंड प्रक्रिया संहिता, 1973 की धारा-144 के तहत पटना जिला के सभी
निजी और सरकारी स्कूलों (प्री-स्कूल एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों सहित) में
वर्ग-8 तक शैक्षणिक गतिविधियों पर 16 जनवरी तक प्रतिबंध लगाया जाता है।जिला
प्रशासन ने वर्ग 9 से ऊपर की कक्षाओं की शैक्षणिक गतिविधियां पहले के आदेश
के अनुरूप सुबह 09:00 से दोपहर 03:30 बजे के बीच सावधानी के साथ संचालित
करने का आदेश दिया है। मिशन दक्ष तथा बोर्ड परीक्षा को लेकर संचालित किए
जाने वाली विशेष कक्षाओं का संचालन जारी रहेगा। यह आदेश 13 से 16 जनवरी तक
प्रभावी रहेगा।





