हैदराबाद लियोनिया रिसॉर्ट में ठहराए गये हैं 35 विधायक, बाकी विधायक कहां?

रांची: झारखंड की चंपई सोरेन सरकार को शक्ति परीक्षण पांच अथवा छह फरवरी को होगा। इस बीच खेला होने की संभावना को देखते हुए सत्ताधारी दल के विधायकों को दो चार्टर्ड प्लेन से हैदराबाद शिफ्ट कर दिया गया है । सभी को लियोनिया रिसॉर्ट में ठहराया गया है। पूरी व्यवस्था की देखरेख में तेलंगाना कांग्रेस के नेता जुटे हुए हैं। जानकारी के मुताबिक 4 फरवरी की शाम तक सभी विधायक रांची लौट जाएंगे और सर्किट हाउस में रुकेंगे। इसके बाद एक साथ 5 फरवरी को विधानसभा पहुंचेंगे। झारखंड विधानसभा में सदस्यों की कुल संख्या 81 है। फिलहाल गांडेय सीट खाली होने की वजह से सदन में कुल 80 सदस्य हैं। इस लिहाज से बहुमत के लिए 41 विधायकों का होना जरुरी है। लेकिन सत्ताधारी दलों का दावा है कि उनके पास 47 विधायकों का समर्थन है। इधर झामुमो के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि शनिवार को लोबिन हेंब्रम भी हैदराबाद पहुंच जाएंगे। रामदास सोरेन दिल्ली में इलाजरत हैं। सीता सोरेन और बसंत सोरेन रांची में ही हैं। इसके अलावा सुखराम उरांव पुत्र की शादी की वजह नही जा सके हैं। वहीं कांग्रेस के प्रदीप यादव भी झारखंड में हैं।





