अहमदाबाद : सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम भारत-इंग्लैंड सीरीज की मेजबानी के लिए तैयार
नई दिल्ली : गुजरात के अहमदाबाद में स्थित मोटेरा स्टेडियम (सरदार पटेल क्रिकेट स्टेडियम) विश्व का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम है। यहां अब पहली बार कोई इंटरनेशनल क्रिकेट सीरीज खेली जाएगी। 7 फरवरी 2021 से इंग्लैंड और भारत के बीच शुरू हो रही टेस्ट सीरीज के मैच की मेजबानी मोटेरा स्टेडियम करेगा। इसकी जानकारी गुरुवार को खुद बीसीसीआई के सेक्रेटरी जय शाह ने दी। शाह गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के इनडोर एकेडमी का उद्घाटन करने पहुंचे थे। बता दें कि 40 लाख के लागत से बनाई गई यह इनडोर क्रिकेट एकेडमी आने वाले समय में खिलाडि़यों के लिए एक अच्छी प्रैक्टिस का जरिया बनेगी। इस एकेडमी में 40 एलईडी लाइट भी लगाई गई हैं, ताकि रात के वक्त भी प्रैक्टिस की जा सके। गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन ने यहां आने वाले खिलाडि़यों के लिए अच्छे कोच भी मुहैया करवाना शुरू किया है।
मालूम हो कि आज जब इस इनडोर क्रिकेट एकेडेमी का उद्घाटन करने बीसीसीआई के सेक्रेटरी जय शाह पहुंचे तो उन्होंने पहले यहां बॉलिंग की। इस दौरान पूर्व भारतीय क्रिकेटर पार्थिव पटेल ने बैटिंग की। दोनों ने खेल का जमकर लुफ्त उठाया।
आपको बता दें कि अहमदाबाद के मोटेरा स्टेडियम में इस साल 7 मैच होंगे, जिसमें दो टेस्ट और 5 टी-20 मैच होंगे। गौरतलब है कि यह स्टेडियम तब चर्चा में आया था, जब यहां अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के स्वागत में 'नमस्ते ट्रंप' कार्यक्रम किया गया था। इस स्टेडियम में 1 लाख से ज्यादा लोग एक साथ बैठ सकते हैं।
जानकारी के मुताबिक, इंग्लैंड को अगले साल 5 टेस्ट और लिमिटेड ओवर्स की सीरीज के लिए भारत का दौरा करना है। इस दौरान डे-नाइट टेस्ट मैच भी खेला जाएगा। मोटेरा स्टेडियम भी मैच का साक्षी बनेगा।





