प्रधानमंत्री के बाद 15 अप्रैल को नवादा में योगी आदित्यनाथ भरेंगे हुंकार
पटना। लोकसभा चुनाव 2024 के पहले चरण में होने वाले चुनाव को लेकर तमाम दल धुआंधार प्रचार करने में लगे है। बिहार में भाजपा के उम्मीदवारों को जीताने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अब तक दो जिलों में चुनावी रैली हो चुकी है। जमुई और नवादा जिले में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने विरोधियों पर जमकर हमला बोला है लेकिन अबकी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद बुलडोजर बाबा यानि उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बारी है।
योगी आदित्यनाथ का भी बिहार दौरा तय हो गया है।योगी आदित्यनाथ बिहार के नवादा जिले से चुनावी दौरे की शुरुआत करेंगे। भाजपा सूत्रों के अनुसार योगी आदित्यनाथ का 15 अप्रेल को बिहार दौरा होगा। वे 15 अप्रैल को नवादा में चुनाव प्रचार करेंगे। नवादा से भाजपा उम्मीदवार डॉ. विवेक ठाकुर के समर्थन में योगी की चुनावी सभा होगी।नवादा के अकबरपुर में 15 अप्रैल को दोपहर करीब 12.30 बजे चुनावी सभा होगी।
योगी आदित्यनाथ का 2024 में बिहार में यह पहला दौरा होगा। उनके दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जबरदस्त उत्साह है। माना जा रहा है कि भाजपा के फायर ब्रांड नेता योगी आदित्यनाथ नवादा पहुंचकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने के साथ-साथ तमाम वोट बैंक को मजबूत करेंगे। इससे पूर्व नवादा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी चुनावी सभा को संबोधित कर चुके है।





