भाग रहे दो लुटेरे की ट्रेन से कटकर मौत
4 बदमाशों ने की लूटपाट, भागने समय तीसरा घायल
पटना। बिहटा में 4 हथियार बंद बदमाशों ने लोगों से लूटपाट की। शोर मचाने के बाद ग्रामीण जुट गए। भीड़ को देखकर बदमाश भागने लगे। लोगों ने एक को पकड़ लिया। इसके बाद, पीटकर पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं दो बदमाश भागने के दौरान ट्रेन की चपेट में आ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।मामला शुक्रवार देर रात का है। नेउरा ओपी क्षेत्र के राजपुर गांव के पास बदमाश लूटपाट कर रहे थे। बाइक पर सवार होकर भाग रहे तीन अपराधी रेलवे ट्रैक पार करने लगे। इसी दौरान, ट्रेन की चपेट में आ गए। इससे दो लुटेरों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, तीसरा लुटेरा घायल हो गया। घटना की सूचना पर पहुंची नेउरा ओपी पुलिस ने घायल लुटेरा को गिरफ्तार कर इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने प्राथमिकी उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया गया है। लुटेरों के पास से पुलिस ने दो बाइक, एक पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किया है। मृतक युवकों की पहचान श्याम धारी सिंह का बेटा रणवीर कुमार और भोला सिंह का बेटा अमन कुमार के रूप में किया गया। दोनों दानापुर के रहने वाले हैं। वहीं, गिरफ्तार लोगों की पहचान स्वर्गीय राजबल्म राय का बेटा राहुल कुमार और दिनेश सिंह के बेटे आकाश कुमार के रूप में किया गया है। दोनों दानापुर के रहने वाले हैंघटना की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी अर्चना कुमारी सिंह ने बताया कि लूटपाट की घटना में भागने के दौरान दो लुटेरों की ट्रेन की चपेट में आने से मौत होने की सूचना प्राप्त हुई है। साथ ही एक लुटेरे को ग्रामीणों के द्वारा पकड़ कर पुलिस के हवाले किया गया है।





