पश्चिमी विक्षोभ से उत्तर पश्चिमी क्षेत्रों में बारिश, कई राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी
नई दिल्ली। दिल्ली समेत उत्तर भारत में पिछले कुछ दिनों से चल रही लू से थोड़ी राहत मिली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश और आंधी की संभावना जताई है। इनमें दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा शामिल है।भारी बारिश की भविष्यवाणी के बीच मौसम विभाग ने कई राज्यों में 26 मई तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण अगले दो से तीन दिनों में पूरे उत्तर-पश्चिम भारत में गरज के साथ बारिश होगी।दिल्ली के सफदरजंग वेधशाला ने न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो सामान्य से एक डिग्री कम है। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।इसके साथ मौसम विभाग ने अगले दो घंटे में बिजनौर, खतौली, हस्तिनापुर, चांदपुर, विराटनगर, राजगढ़ सहित एनसीआर क्षेत्र में गरज और हल्की बारिश की संभावना जताई है।





