नीतीश कुमार के लिए एनडीए के दरवाजे हमेंशा खुले : अशोक चौधरी
पटना। जनता दल यूनाइटेड के वरिष्ठ नेता और भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कभी नहीं कहा कि उनकी पार्टी के दरवाजे बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लिए बंद हैं। यह टिप्पणी मंत्री अशोक चौधरी ने शुक्रवार को संवाददाताओं से बातचीत के दौरान की। उन्होंने कहा कि अमित शाह ने कभी नहीं कहा कि नीतीश के लिए भाजपा के दरवाजे बंद हैं। वह अमित शाह के उस बयान के संबंध में मीडियाकर्मियों के एक सवाल का जवाब दे रहे थे, जिसमें कहा गया है कि अमित शाह राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का हिस्सा बनने के लिए पहले सहयोगी रहे किसी भी दल की ओर से प्रस्ताव प्राप्त होने पर विचार किया जाएगा। चौधरी ने चुटकी लेते हुए कहा कि जदयू का प्रस्ताव मिलने पर विचार करने संबंधी अमित शाह के हालिया बयान में कुछ भी अजीब नहीं है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि जदयू ने शाह को दोबारा राजग का हिस्सा बनने का ऐसा कोई प्रस्ताव फिलहाल नहीं दिया है। जदयू नेता ने कहा कि किसी भी गठबंधन या पार्टी को यदि उनका राजनीतिक साझेदार बनने का विकल्प चुना जाता है तो उन्हें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्दष्टिकोण और सिद्धांत के अनुसार काम करना होगा।
जेडीयू नेता ने कहा कि भाजपा और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) दोनों ने मुख्यमंत्री कुमार के दिखाए रास्ते पर चलकर काम किया है। अशोक चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार जदयू की पूंजी हैं और पार्टी उनके नेतृत्व वाली सरकार के प्रदर्शन के आधार पर आशीर्वाद मांगने के लिए लोगों के पास जाएगी। उन्होंने बताया कि बिहार के सीएम नीतीश कुमार के सात निश्चय को भाजपा ने तब स्वीकार किया है जब वे उनके राजनीतिक साझेदार के रूप में उनके साथ आए थे।





