विराट के बचाव में उतरे बीसीसीआई अध्यक्ष
मुम्बई । खराब फार्म के कारण आलोचनाओं का शिकार हुए भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली को राहत मिली है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) अध्यक्ष सौरव गांगुली अब विराट के बचाव में उतरे हैं। गांगुली ने कहा कि हर खिलाड़ी के जीवन में ऐसा समय आता है। विराट पिछले दो साल से अधिक समय से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक भी शतक नहीं लगा पाये हैं। इसके अलावा वह इंग्लैंड दौरे में भी विफल रहे थे। उसके बाद से ही विराट को बाहर किये जाने की मांग उठाने लगी है।
गांगुली ने कहा, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में विराट को मिले नंबरों को देखें जो क्षमता और गुणवत्ता के बिना संभव नहीं होता। हां, उसका कठिन समय चल रहा है और वह यह बात स्वयं जानता है। वह एक महान खिलाड़ी रहा है और शीघ्र ही वापसी करेगा। उसे अपना रास्ता खोजना होगा और सफल बनना होगा।
बीसीसीआई अध्यक्ष ने कहा, ये चीजें खेल में होंगी। यह सबके साथ हुआ है। यह सचिन के साथ हुआ है, यह द्रविड़ के साथ हुआ है, यह मेरे साथ हुआ है, अब यह कोहली के साथ हुआ है। यह भविष्य के खिलाड़ियों के साथ भी होगा क्योंकि यह खेल का हिस्सा है और मुझे लगता है कि एक खिलाड़ी के रूप में आपको बस सुनने की जरूरत है, इसके बारे में जागरूक रहें और बस अपना खेल खेलते रहें। विराट को प्रदर्शन करना होगा और अपने रन बनाने के तरीके से ही वापसी करनी होगी। अगर वह ऐसा नहीं कर पाये तो ऑस्ट्रेलिया में वाले आगामी आईसीसी टी 20 विश्व कप 2022 के लिए उन्हें जगह मिलना कठिन हो जाएगा।





