ममता ने इंडिया गठबंधन को किया बाय बाय,अकेले ही लड़ेंगी लोकसभा चुनाव

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के तेवर पहले से ही बता रहे थे कि वे दूसरें दलों को बहुत ज्यादा भाव देने वालीं नहीं है। वजह ये है कि पश्चिम बंगाल में उन्होंने इतनी तगड़ी फील्डिंग जमाकर रखी है कि विरोधियों को अपनी जड़े जमाने में पसीना छूट जाएगा। इसलिए ममता ने अकेले लोकसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने हमारा प्रस्ताव ठुकरा दिया, इसलिए हमने अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, ‘पश्चिम बंगाल में हम लोकसभा चुनाव अकेले लड़ेंगे। हमने जो प्रस्ताव दिए थे, उन्होंने सभी टुकरा दिए। मेरा प्रस्ताव नहीं माना इसलिए अब हम अकेले चुनाव लड़ेंगे।’ उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी की रैली हो रही है, उसे लेकर हमें सूचना नहीं दी, जबकि हम इंडिया गठबंधन में हैं।
दरअसल, बीते कुछ दिनों से जिस तरह से टीएमसी और कांग्रेस के बीच घमासान चल रही थी, उससे संकेत मिल गए थे कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी लोकसभा चुनाव में ‘एकला चलो रे’ की नीति ही अपनाएगी। अब ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस पश्चिम बंगाल की सभी 42 सीटों पर अकेले लोकसभा चुनाव लड़ेगी।
एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने नाम उजागर न करने की शर्त पर बैठक की जानकारी साझा की और कहा था, ‘हमारी पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी ने स्पष्ट रूप से कहा कि हमें कांग्रेस के साथ सीट-बंटवारे की बातचीत के बारे में सोचने की ज़रूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने दो सीट की पेशकश की थी लेकिन कांग्रेस कई बार 10-12 सीट की मांग कर चुकी है।’ बता दें कि तृणमूल कांग्रेस विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन का हिस्सा है।
तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने मंगलवार को 10-12 लोकसभा क्षेत्रों की ‘अनुचित’ मांग का हवाला देते हुए पश्चिम बंगाल में सीट बंटवारे पर चर्चा में देरी के लिए कांग्रेस की आलोचना की थी. वहीं, ममता की पार्टी टीएमसी ने राज्य में कांग्रेस को केवल दो सीट देने की पेशकश की थी, मगर कहा जा रहा है कि कांग्रेस बंगाल में 10 से 12 सीटों की मांग कर रही थी। इस बीच टीएमसी के मुखर आलोचक और राज्य कांग्रेस प्रमुख अधीर रंजन चौधरी लोकसभा चुनाव लड़ने को लेकर टीएमसी और ममता बनर्जी पर निशाना साधा। चौधरी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को अवसरवादी बताया और कहा कि कांग्रेस उनकी दया पर चुनाव नहीं लड़ेगी। हालांकि, पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने अधीर रंजन चौधरी की आलोचना को यह कहकर खारिज कर दिया कि ऐसी टिप्पणियों से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। इस बीच भाजपा नेता ने तंज कसते हुए कहा कि गई भैंस पानी में। घमंडिया या झंडिया?. वहीं भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने कहा कि पीएम मोदी को हराने के लिए ये लोग साथ आए थे। मगर घमंडिया गठबंधन में सबको पीएम बनना है। वहीं, कांग्रेस नेता प्रमोद कृष्णम ने कहा कि इनका निशाना भाजपा नहीं, कांग्रेस है। गठबंधन के नेताओं का दिल एक नहीं है।





