भागलपुर में श्रद्धालुओं के बीच मची भगदड़, कई श्रद्धालु नदी में गिरे, एसडीआरएफ ने बचायी जान

पटना। बिहार के भागलपुर जिले में चौथी सोमवारी पर नदी में जल भरने के दाैरान श्रद्धालुओं में भगदड़ मच गई।इस दाैरान कई महिलाएं नदी में डूबने लगी, जिन्हें वहां तैनात जवानाें ने बचाया।भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए एसएम कॉलेज घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्दालु पहुंचे थे। भीड़ अधिक होने के कारण जल भऱने के दौरान कुछ श्रद्धालु बैरिकेडिंग को तोड़कर नहाने के लिए नदी में उतर गए। इसके बाद वहां भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। 50 से अधिक महिला और लड़कियां नदी में डूबने लगीं, जिसके बाद एसडीआरएफ की टीम के जवानों और आपदा मित्रों ने नदी में छलांग लगा दी। काफी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ की टीम ने सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।इस दौरान मौके पर अफरा तफरी मची रही। गनीमत की बात रही की समय रहते डूब रहे लोगों को बाहर निकाल लिया गया नहीं तो आज जहानाबाद में हुई घटना से भी बड़ी घटना यहां हाे जाती। हादसे के बाद जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वह नदी में बैरिकेडिंग से दूर रहें और सावधानी बरतें।





