धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के दौरे में सियासत, राजद विरोध में, भाजपा नेता समर्थन में उतरे

पटना। पटना दौरे को लेकर बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के दौरे में सियासत जारी है। राजद शास्त्री के विरोध में है, वहीं भाजपा के नेता उनकी कथा में शामिल होकर उनके समर्थन में उतर गए हैं। इस बीच पटना में लगे उनके पोस्टर पर कालिख पोतने और विवादित शब्द लिखे जाने की घटना सामने आई है।
पटना के डाक बंगला चौराहा सहित कई इलाकों में धीरेंद्र शास्त्री के पटना आगमन को लेकर उनके स्वागत में पोस्टर चस्पा किए गए हैं। देर रात इनमें से कई पोस्टरों में उनके चेहरे पर कालिख पोत दी गई है। पोस्टरों पर 420 और चोर लिखा गया है। यह काम रात के अंधेरे में असामाजिक तत्वों ने किया है। अब इस घटना का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक शख्स स्प्रे प्रेंट से बाबा के पोस्टर पर कालिख पोतता दिख रहा है।
उल्लेखनीय है कि बागेश्वर धाम सरकार धीरेंद्र शास्त्री इन दिनों पटना में हैं। नौबतपुर इलाके में उनकी हनुमंत कथा चल रही है, जिसे सुनने के लिए लाखों लोग जुट रहे हैं। बिहार सरकार में मंत्री तेजप्रताप यादव ने धीरेंद्र शास्त्री पर बिहारियों को गाली देने का आरोप लगाया था। मंत्री ने कहा था कि बाबा बिहारियों को गाली देने का काम कर रहे हैं।





