रायपुर : नक्सलवाद पर हम मजबूती से लड़ रहे हैं : मुख्यमंत्री साय
रायपुर,। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार को ओडिशा में दो बड़ी
जनसभाओं को संबोधित कर रायपुर लौटे। उन्होंने हेलीपेड पर पत्रकारों से
बातचीत करते हुए नक्सलवाद पर कहा कि हम जब से सरकार में है मजबूती के साथ
लड़ रहे हैं। शनिवार को 12 नक्सली मारे गए हैं, मेरी जानकारी के अनुसार आज
भी एक नक्सली मारा गया है। 29 नक्सली भी एक दिन में मारे हैं। आगे भी
मजबूती से लड़ेंगे, या तो वो आत्मसमर्पण कर दें और विकास की मुख्यधारा से
जुड़ जाएं। अरविंद केजरीवाल द्वारा भाजपा नेताओं के कैरियर को लेकर दिए
बयान पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वो लोग अपना घर पहले देखें, हमारा घर
बिल्कुल मजबूत है, हमारी चिंता बिल्कुल न करें।
मुख्यमंत्री ने कहा
कि आज उनका तीसरी बार ओडिशा का दौरा था। उन्होंने बताया कि कालाहांडी
लोकसभा क्षेत्र की दो विधानसभाओं नुआपारा और जूनागढ़ में लोकसभा उम्मीदवार
मालविका देवी और दोनों विधानसभा उम्मीदवारों के पक्ष में चुनावी जनसभा को
संबोधित किया। दोनों सभा बहुत सफल रही, इतनी गर्मी के बावजूद भी भारी
संख्या में वहां पर मतदाता आए। इस बार उड़ीसा में भी परिवर्तन दिख रहा है,
लोगों को हम बता रहे हैं कि मजबूत सरकार और मजबूत प्रधानमंत्री बनाने से
बहुत फायदे मिलते हैं। एक सवाल के जवाब में साय ने कहा कि अरविंद केजरीवाल
पहले अपना घर देखें, भाजपा की चिंता छोड़ दें।
उन्होंने कहा कि हम
जनता को बता रहे हैं कि डबल इंजन की सरकार से उसका क्या लाभ होता है।
छत्तीसगढ़ में डबल इंजन की सरकार है तो 3 महीने में ही मोदी की गारंटी के
बहुत सारे काम कर दिए गए हैं और उनसे भी आग्रह कर रहे हैं कि आप भी डबल
इंजन की सरकार बनाएं। ओडिशा में भी निश्चित रूप से प्रदेश में भारतीय जनता
पार्टी की सरकार बनेगी और अधिकांश लोकसभा की सीटें भी भारतीय जनता पार्टी
जीत रही है।
छत्तीसगढ़ पर भ्रष्टाचार एवं घोटालों पर हो रही
जांच के सवाल पर साय ने कहा कि जो भी विभिन्न घोटाले में संलग्न है, जांच
एजेंसियां जांच कर रही है और जो दोषी पाए जा रहे हैं उन पर कार्रवाई भी हो
रही है।





