एक सीट मिलने से संतुष्ट नहीं है उपेंद्र कुशवाहा -फिर से एक बार होगी भाजपा से बातचीत

पटना ।लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान तो हो गया है। मगर, बिहार में एनडीए के अंदर सीटों के बंटवारे को लेकर पेंच फंसा हुआ है। अब राष्ट्रीय लोक मोर्चा खुश नहीं है। बिहार में भाजपा की तरफ से गठबंधन में शामिल पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा को एक ही सीट दिए जाने की बात सामने आई है।पार्टी सूत्रों की माने तो इससे उपेंद्र कुशवाहा संतुष्ट नहीं हैं। उन्हें इसके साथ ही तीन और सीटें चाहिए। जिसमें सिवान, सीतामढ़ी और जहानाबाद शामिल है। वो बहुत पहले ही कह चुके थे कि 2014 में उनकी पार्टी आरएलएसपी को तीन सीटें एनडीए गठबंधन में होने के कारण मिली थी। अब नई पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा को उससे कम सीट में बनेगी भी नहीं है। यही कारण है कि उपेंद्र कुशवाहा लगातार दिल्ली में बने हुए हैं। शनिवार को अपने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव माधव आनंद के साथ वो भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिलने भी गए थे।जेपी नड्डा से मिलकर पूर्व केंद्रीय मंत्री ने अपनी बातों को रखा। उनसे सीट बढ़ाने की मांग की। पर सूत्र बताते हैं कि जेपी नड्डा की ओर से उपेंद्र कुशवाहा को कोई आश्वासन नहीं मिला है। सिर्फ उनकी बातें सुनी गई हैं। हालांकि, इस मामले पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव का अलग ही तर्क है। भास्कर से फोन पर बातचीत में माधव आनंद ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ उपेंद्र कुशवाहा व उनकी मुलाकात बहुत अच्छी रही है बातचीत सकारात्मक हुई है। भाजपा के साथ अभी एक राउंड की बात होनी बाकी है। वो भी जल्द ही होगी।





