लोकसभा में गृहमंत्री अमित शाह का बड़ा खुलासा: "ऑपरेशन सिंदूर में 9 आतंकी ठिकानों का विनाश, 100 से अधिक आतंकवादी ढेर"

लोकसभा में गृहमंत्री अमित शाह का बड़ा खुलासा: "ऑपरेशन सिंदूर में 9 आतंकी ठिकानों का विनाश, 100 से अधिक आतंकवादी ढेर"
नई दिल्ली, 29 जुलाई 2025 — लोकसभा में आज गृहमंत्री अमित शाह ने पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सुरक्षा बलों द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए कांग्रेस और पूर्ववर्ती यूपीए सरकार पर भी तीखा हमला बोला। शाह ने कहा, "यह अब मनमोहन सिंह जी का समय नहीं है, जब आतंकवादी आते थे, हमारे निर्दोष नागरिकों को मारते थे और हम चुप बैठ जाते थे। अब भारत चुप नहीं बैठता।"
गृहमंत्री ने बताया कि 30 अप्रैल को कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की बैठक में सुरक्षा बलों को पूर्ण अभियानिक स्वतंत्रता दी गई थी। इसके बाद 7 मई को रात 1:04 बजे से 1:24 बजे के बीच ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया गया, जिसमें पाकिस्तान में स्थित 9 आतंकवादी अड्डों को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस हमले में किसी भी पाकिस्तानी नागरिक को नुकसान नहीं पहुंचाया गया, केवल आतंकवादी ठिकानों को ही निशाना बनाया गया।
शाह ने संसद में कहा, "इस ऑपरेशन में हमारे सुरक्षा बलों ने 100 से अधिक आतंकवादियों को मार गिराया।" उन्होंने आगे कहा कि "हमारे DGMO ने पाकिस्तान के DGMO को स्पष्ट रूप से सूचित किया कि यह कार्रवाई भारत के आत्मरक्षा के अधिकार के तहत की गई है।"
गृहमंत्री ने विपक्ष पर भी कटाक्ष करते हुए कहा, "मैंने सोचा था कि इस तरह की निर्णायक कार्रवाई के बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों में देशभक्ति की लहर दौड़ेगी, लेकिन इनके चेहरों पर स्याही पड़ गई। ये कैसी राजनीति है?"
इस पूरे घटनाक्रम से स्पष्ट है कि मोदी सरकार आतंक के खिलाफ "ज़ीरो टॉलरेंस" की नीति पर चल रही है और देश की सुरक्षा के प्रति कोई समझौता नहीं कर रही। शाह के इस बयान ने देश को यह संदेश दे दिया है कि भारत अब आतंक का जवाब सटीकता से देगा वह भी अंतरराष्ट्रीय कानून के दायरे में रहकर, मजबूती और मर्यादा के साथ।





