21 अप्रैल को रांची के प्रभात तारा मैदान में झामुमो की होगी उलगुलान रैली मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी-उद्धव ठाकरे समते कई बड़े नेताओं को किया गया आमंत्रित

21 अप्रैल को रांची के प्रभात तारा मैदान में झामुमो की होगी उलगुलान रैली
मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी-उद्धव ठाकरे समते कई बड़े नेताओं को किया गया आमंत्रित
रांची: 21 अप्रैल को झारखंड में झामुमो लोकसभा चुनाव के लिए शंखनाद करेगा। रांची के प्रभात तारा मैदान में उलगुलान रैली का आयोजन किया जायेगा। यह जनसभा केंद्र में बैठी तानाशाह सरकार के विरोध में होगा। यह विशाल जनरैली झारखंड में आजतक किसी ने नही की होगी। इस रैली में शामिल होने के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, आप के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल, उद्धव ठाकरे समेत इंडिया गठबंधन के कई बड़े नेताओं को आमंत्रित किया जाएगा। शुक्रवार को सीएम आवास में आयोजित बैठक में लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड की राजनीति हालात पर पर चर्चा हुई। बैठक में सीएम चंपाई सोरेन और कल्पना सोरेन के साथ-साथ सभी विधायक और संसाद मौजूद थे। बैठक में 21 अप्रैल को उलगुलान रैली करने का निर्णय लिया गया। बैठक में सभी विधायकों को लोकसभा चुनाव को लेकर टास्क सौंपा गया। जिस क्षेत्र से हैं विधायक उस लोकसभा क्षेत्र और आसपास के लोकसभा क्षेत्र में इंडिया गठबंधन की जीत सुनिश्चित करने का टास्क दिया गया है। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में झामुमो के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्या ने कहा कि हेमंत सोरेन पर हुए अत्याचार और संविधान बचाने के लिए उलगुलान महारैली का आयोजन किया जाएगा। सुप्रियो भट्टाचार्या ने कहा कि जिन पांच लोकसभा सीट पर झामुमो के उम्मीदवार खड़े होंगे और बाकी के 09 लोकसभा सीट पर सहयोगी दलों के प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने के लिए बैठक में विस्तृत चर्चा हुई और सभी को टास्क दिया गया है। उन्होंने कहा कि शेष बचे 03 लोकसभा सीट और गांडेय विधानसभा सीट के लिए उम्मीदवार के नाम की घोषणा पार्टी जल्द कर देगी। उन्होंने कहा कि उम्मीदवार के नाम पर अंतिम फैसला संगठन को लेना होता है। वहीं झामुमो के नेता मथुरा महतो ने कहा कि मुम्बई में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के समापन पर हुई रैली और दिल्ली के रामलीला मैदान में मार्च में हुई आम आदमी पार्टी की लोकतंत्र बचाव महारैली के बाद 21 अप्रैल को तीसरा मौका होगा जब देशभर के इंडिया ब्लॉक के सभी बड़े नेता मंच पर दिखेंगे और एक साथ एनडीए मोदी सरकार के खिलाफ उलगुलान हल्ला बोलेंगे।





