भारत को ग्लोबल लीडर बनाने का समय आ गया : सम्राट चौधरी

भारत को ग्लोबल लीडर बनाने का समय आ गया : सम्राट चौधरी
पटना । भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज कहा कि अब भारत को ग्लोबल लीडर बनाने का समय आ गया है। अभी तक तो सरकार कांग्रेस और राजद के दलदल को साफ करने में ही लगी रही। एनडीए समर्थित जदयू उम्मीदवार दिलेश्वर कामत जी के समर्थन में सुपौल में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए श्री चौधरी ने लोगों से मोदी जी- नीतीश जी की जोड़ी को भव्य विजय दिलाने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि अब तक मोदी जी और नीतीश जी की सरकार कांग्रेस, राजद के दलदल और गड्ढों को पाटने और कचड़े को साफ करने में समय लगाया। अब स्पीड बढ़ाकर भारत को ग्लोबल लीडर बनाने का समय आ गया है। राजद व कांग्रेस ने भ्रष्टाचार, आतंकवाद, गरीबों के हकों पर डकैती डाला, अराजकता, दंगे, अव्यवस्था समेत हर समस्या दी और इनका समाधान मोदी जी के नेतृत्व में एनडीए ने दिया। विकास में बाधक इन समस्याओं को पालने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि राजद को आपलोग पहले भी देख चुके हैं, इनसे कोई उम्मीद न कीजिए। यह चुनाव नेशन फर्स्ट व फैमिली फर्स्ट का है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव देश को विकसित, समृद्ध, बनाने का चुनाव है। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में 40 में से 39 सीटें मोदी जी को बिहार से मिली थी, एक सीट की कसक रह गयी थी, इस चुनाव में 40 की 40 सीटें मोदी जी की झोली में डालनी है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि जनता-जनार्दन का आशीर्वाद मिल रहा है और एनडीए की जीत होगी निर्विवाद।





