राजस्थान में फिर आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट, फिर शुरू होगी बारिश-गिरेंगे ओले

राजस्थान में फिर आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट, फिर शुरू होगी बारिश-गिरेंगे ओले
जयपुर, 28 मार्च । राजस्थान में मंगलवार शाम से मौसम दोबारा बदल सकता है। पाकिस्तान में सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के कसर से राजस्थान में शाम से बादल छा सकते हैं। राजस्थान में श्रीगंगानगर, बीकानेर, जैसलमेर क्षेत्र में इसका असर देखने को मिल सकता है।
जयपुर मौसम केन्द्र के मुताबिक 29 मार्च से राज्य में थंडर स्टॉर्म (बादल छाने, बारिश होने, आंधी चलने, बिजली चमकने) की गतिविधियां शुरू हो जाएगी। इस बार मार्च का महीना ठंडा रहा है। इसके पीछे कारण पश्चिमी विक्षोभ का लगातार आना है। इस कारण इस बार राज्य में कहीं भी दिन का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक नहीं पहुंचा है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक इस महीने ये छठां पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके कारण राज्य में बारिश और ओलावृष्टि होगी। पिछले 25 दिनों से लगातार एक के बाद एक सिस्टम बनने के कारण इस बार मार्च में गर्मी नियंत्रण में रही। राजधानी जयपुर में मार्च में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से 40 के बीच आ जाता है। इस बार एक भी दिन तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं गया। यही स्थिति कोटा, उदयपुर में भी रही। जो पूर्वानुमान इस बार मार्च में तेज गर्मी पड़ने के लगाए गए थे। वैसा मौसम इस बार रहा नहीं।
मार्च में इस बार राजस्थान में किसी भी शहर में तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक नहीं पहुंचा। सबसे ज्यादा तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस तापमान जोधपुर के फलौदी रहा। बाड़मेर में अब तक सबसे ज्यादा तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहा। बाड़मेर में पिछले 12 साल की रिपोर्ट देखें तो ये तीसरा सीजन है। जब यहां दिन का तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक भी नहीं पहुंचा है। एक के बाद एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर-बंगाल की खाड़ी से आए सिस्टम के कारण राज्य में इस बार जमकर बारिश हुई। मार्च के महीने में राजस्थान में औसत 4.5 मिमी बरसात होती है, लेकिन इस बार ये अब तक 15.4 मिमी तक हो चुकी है।
जयपुर मौसम केन्द्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि आज देर शाम से सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण 29 मार्च को बीकानेर और जैसलमेर जिलों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश की होने की संभावना है। जबकि शेष भागों में मौसम शुष्क रह सकता है।
30 मार्च को इस सिस्टम के प्रभाव सर्वाधिक रहेगा, क्योंकि राज्य के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी बनने की संभावना है। इस कारण जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, कोटा व भरतपुर संभाग के लगभग सभी जिलों में आंधी-बारिश, अचानक तेज हवाएं और कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की आशंका है। 31 मार्च को इस सिस्टम का प्रभाव राज्य के उत्तरी भागों बीकानेर, जयपुर संभाग के जिलों में देखने को मिल सकता है। बीती रात अजमेर में 18.5, भीलवाड़ा में 15, अलवर में 15.8, जयपुर में 17.6, पिलानी में 16.4, सीकर में 14, कोटा में 19, बूंदी में 18.8, चित्तौड़गढ़ में 16.4, उदयपुर में 15.5, बाड़मेर में 20, पाली में 17.6, जैसलमेर में 20.2, जोधपुर में 18.9, बीकानेर में 20, चूरू में 16.4, श्रीगंगानगर में 16.3, हनुमानगढ़ में 13.7, जालोर में 16.9, धौलपुर में 16.9, टोंक में 19.9, सिरोही में 18.4 और करौली में 14.6 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा।





