श्रद्धालुओं के टेंपों की अज्ञात वाहन से भिड़ंत में तीन की मौत, 13 घायल
दौसा, जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर सदर थाना क्षेत्र में गिरिराज
धरण मंदिर के पास मंगलवार देर रात सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई,
जबकि 12 घायल हो गए। टेंपों में सवार एक दर्जन से ज्यादा लोग खाटूश्यामजी
के दर्शन कर लौट रहे थे। इस दौरान अज्ञात वाहन से टेंपों की भिडंत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के
दौरान दो लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि, चार गंभीर घायलों को
जयपुर रैफर किया गया, जहां एक और बालिका ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने
बताया कि यूपी के मुरादाबाद और हापुड़ क्षेत्र के रहने वाले एक दर्जन से
ज्यादा लोग सीकर के खाटूश्यामजी मंदिर में दर्शन का टेंपों से वापस लौट रहे
थे। इस दौरान देर रात गिरिराज धरण मंदिर के पास तेज स्पीड टेंपों की आगे
चल रहे अज्ञात वाहन से भिड़ंत हो गई। अचानक हुए घटनाक्रम से टेंपों सवार
लोगों में चीख-पुकार मच गई। टेंपों के केबिन में सवार लोग गंभीर रूप से
घायल हो गए। सूचना मिलते ही घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां कई
घायलों का इलाज चल रहा है। हादसे में घायल समंत्रा पत्नी ओमप्रकाश, छोटू
लाल पुत्र जयपाल जाटव, टीटू पुत्र ओमप्रकाश जाटव, हिमांशु पुत्र मोनू जाटव,
मचला पत्नी टीटू जाटव, दिव्या पुत्री टीटू जाटव, सोनाली पुत्री टीटू जाटव,
सोनिया पत्नी राजकुमार जाटव, अतर सिंह, ओमप्रकाश, लवीश, राजकुमार, राधा और
विद्या पुत्री वीरेंद्र कुमार सहित सोलह घायलों का इलाज शुरू कर दिया गया।
इस दौरान तीस वर्षीय छोटू पुत्र जयपाल और साठ वर्षीय समंत्रा पत्नी
ओमप्रकाश की मौत हो गई। इसके बाद डॉक्टरों ने गंभीर घायल चार लोगों को
जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान घायल बालिका
विद्या पुत्री वीरेन्द्र कुमार की भी मौत हो गई।
सदर थाना इंचार्ज
सोहनलाल ने बताया की जानकारी के अनुसार पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने मैजिक
टेंपो को पीछे से जोरदार टक्कर मारी, जिससे टेंपो आगे चल रहे दूसरे वाहन
में घुस गया और हादसा हो गया। हादसा इतना भीषण था कि मैजिक टेंपो का केबिन
बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। ऐसे में मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने
घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद केबिन से बाहर निकाला। पुलिस हादसे के अन्य
कारणों की जांच कर रही है ।





