एनडीए जितना मजबूत होगा, बिहार उतना समृद्ध होगा : अमित शाह

सासाराम केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को बिहार के रोहतास जिले के डेहरी में कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार की समृद्धि और विकास केवल एनडीए की मजबूती से ही संभव है। उन्होंने विपक्षी दलों, खासकर राजद और लालू परिवार पर जोरदार हमला बोला और कहा कि लालू यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव बिहार का विकास कभी नहीं कर सकते।
भाजपा कार्यकर्ता ही चुनाव जीतते हैं
अमित शाह ने कहा कि भाजपा और अन्य दलों में सबसे बड़ा फर्क यही है कि अन्य दलों में केवल नेता चुनाव जीतते हैं, लेकिन भाजपा में कार्यकर्ता ही जीत की असली ताकत होते हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि इस क्षेत्र की कम-से-कम 80 प्रतिशत सीटों पर एनडीए को जीत दिलाएं।
राजद पर सीधा हमला
शाह ने कहा कि जब बिहार की जनता ने राजद और उसके सहयोगियों को सत्ता सौंपी थी, तो राज्य में फिरौती और हत्या जैसी घटनाओं का बोलबाला होने लगा था। उन्होंने दावा किया कि ऐसी स्थिति में राज्य का कभी विकास नहीं हो सकता। बिहार को अगर आगे बढ़ाना है तो युवाओं को और जनता को एनडीए की सरकार को चुनना ही होगा।
राहुल गांधी की यात्रा पर तंज
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की वोट अधिकार यात्रा को अमित शाह ने “घुसपैठिये बचाओ यात्रा” करार दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या घुसपैठियों को वोट देने का अधिकार मिलना चाहिए, क्या उन्हें राशन और आयुष्मान कार्ड मिलना चाहिए। शाह ने कहा कि अगर विपक्ष सत्ता में आया तो घुसपैठियों की संख्या और बढ़ेगी।
बिहार सरकार की योजनाओं का जिक्र
अमित शाह ने कार्यकर्ताओं को नीतीश कुमार सरकार की ओर से हाल ही में घोषित योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुँचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिहार में अब 125 यूनिट बिजली मुफ्त दी जा रही है और सामाजिक पेंशन की राशि भी बढ़ाई गई है।
भ्रष्टाचार बनाम विकास की राजनीति
अमित शाह ने लालू यादव पर पुराने आरोपों को दोहराते हुए कहा कि उन्होंने चारा घोटाला, लैंड फॉर जॉब स्कैम और यहां तक कि जेल में भी घोटाला किया। शाह ने कहा, “एक ओर भ्रष्टाचार वाली सरकार है और दूसरी ओर मोदी सरकार है, जिस पर एक भी भ्रष्टाचार का दाग नहीं है।”
एनडीए ही है बिहार का भविष्य
अमित शाह ने अंत में कहा कि बिहार का भविष्य एनडीए के हाथों में ही सुरक्षित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता के बीच जाकर नीतीश सरकार और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को बताएं और एनडीए को मजबूत करें।





